समाना। पंजाब केसमाना में तेज रफ्तार पिकअप-वेरना कार में जमकर भिड़ंत हुई। आमने-सामने से हुई भिड़ंत में दो परिवारों के पांच लाेगों समेत छह की मौत हो गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार रात करीब 12 बजे मटर से भरी पिकअप समाना से चंडीगढ़ जा रही थी। समाना टोल पर 120 रुपए न देने पड़े, इसलिए ड्राइवर ने शॉर्टकट लेकर गाड़ी असरपुर चुपकी रोड पर मोड़ ली। सब्जी मंडी जल्दी पहुंचने पर उसे 200 रुपए एक्सट्रा मिलने थे, इसलिए गाड़ी भी तेज रफ्तार पर थी।
इसी दौरान समाना निवासी कारोबारी 26 वर्षीय अंकुश पत्नी
सोनी, ढाई साल की बेटी अंशिका, दोस्त गौरव, पत्नी अर्चना और एक साल के बेटे अयान के साथ अपनी मैरिज एनिवर्सरी सेलिब्रेट कर कार से पटियाल से घर लौट रहे थे। इस बीच दोनों गाड़ियों में टक्कर हो गई। कार सवार अंशिका काे छोड़ सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
गाड़ी काटकर निकाले गए शव
हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पिकअप ड्राइवर मक्खन सिंह का शव पिकअप में फंस गया। उसे निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। उसके क्लीनर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।