अमृतसर। स्वच्छ भारत मुहिम के तहत शहर को साफ सुथरा रखने के लिए शनिवार को नगर निगम अधिकारियों और शहर की विभिन्न समाज सेवी और पर्यावरण संस्थाओं की बैठक आयोजित हुई। इसमें निगम के कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल विशेष रूप में मौजूद रहे। उन्होंने मुहिम के बारे में भरपूर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर हमारा अपना घर है और इसे साफ सुथरा रखना भी हमारा सभी का फर्ज बनता है।
सभ्रवाल ने कहा कि शहर में रोज लाखों पर्यटक देश-विदेश से आते हैं और श्री दरबार साहिब और दुग्या मंदिर में माथा टेकते हैं। इसके बाद जलियांवाला बाग में शहीदों को नमन कर अटारी बार्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी देखने जाते हैं। शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर है शहरवासियों को शहर साफ रखना चाहिए ताकि आने वाले पर्यटक शहर की सड़कों और बाजारों में सफाई देख कर दंग रह जाए।
इसमें मिशन आगाज से दीपक बब्बर, अमृतसर विकास मंच के कुलवंत सिंह अणखी, भारत विकास परिषद के बृज मोहन शर्मा, धर्मपाल गुप्ता, वाइस ऑफ अमृतसर प्रभजीत सिंह और इंदू अरोड़ा, जन कल्याण संगठन से स्वराज ग्रोवर, रोटरी क्लब से कपिल मेहरा, लाइंस क्लब के सदस्यों के अलावा निगम कर्मचारी और अधिकारी आदि मौजूद थे। सभी ने अपनी आेर से सुझााव भी दिए।
ये दिए सुझाव
>शहर के विभिन्न बाजारों में डस्टबिन हों और उनकी संभाल की जाए, उन्हें टूटने और चोरी होने से बचाया जाए।
>शहर के पॉश इलाकों की बजाय आबादी फैजपुरा के पीछे पड़ती रंजीत एवेन्यू सी ब्लॉक में भी की जाए सफाई।
>रेहड़ी फड़ी वालों को सड़कों पर न गंदगी फैलाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्हें डस्टबिन मुहैया कराए जाएं।
>निगम बाजारों में सुबह दुकानें खुलने से पहले ही सफाई करवाएं। वह दुकानों के बाहर गंदगी न फैलाएं।
>गंदगी फैलाने वाले लोगों के चालान काट उन्हें जुर्माना किया जाए और भविष्य में ऐसा न करने की चेतवानी दें।
>स्टूडेंट्स को गंदगी के नुकसान के बारे में जागरूक किया जाए। इसके अलावा स्कूल के छोटे बच्चों की डायरी में स्टीकर लगाए जाएं।
(फोटो- निगम के कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवार ने स्वच्छ भारत मुहिम के बारे में बताया।)