पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअमृतसर. मेडिकल कॉलेज से संबंधित गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल ने स्टूडेंट्स की रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाने में देरी की और जब जुर्माना हुआ तो उसे बच्चों से वसूल लिए। इस मामले की जानकारी जब आरटीआई के जरिए मांगी गई तो उन्होंने सूचना देने से भी इंकार कर दिया। फिलहाल मामले की शिकायत हो जाने के बाद जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।
बाबा फरीद यूनिवर्सिटी आफ हेल्थ साइंसेज के तहत चलाए जा रहे इस कॉलेज की प्रिंसिपल कमलजीत कौर ने बीएससी नर्सिंग (पहला साल) करने वाली 49 छात्राओं की रजिस्ट्रेशन फीस प्रति विद्यार्थी 1,000 रुपए साल 2012 में ली, जिसे 31-12-2012 तक यूनिवर्सिटी को जमा करवाना था मगर ऐसा नहीं किया गया। इसके बजाय उन्होंने 17 दिन बाद फीस जमा करवाई और कालेज पर प्रति विद्यार्थी 1,700 रुपए जुर्माना डाल दिया गया। आरटीआई एक्टिविस्ट तथा अमृतसर यूथ एसोसिएशन के वित्त सचिव राजिंदर कुमार राजू ने बताया कि प्रिंसिपल ने पहले रजिस्ट्रेशन फीस 49,000 वसूले फिर अपने ऊपर किए गए जुर्माने की रकम 34,300 रुपए भी बच्चों से वसूल ली और जमा करवाया। इस बाबत जब उनसे आरटीआई के जरिए जानकारी मांगी गई तो उन्होंने जानकारी देने से भी इंकार कर दिया फिर उन्होंने यूनिवर्सिटी से इसकी जानकारी ली।
मेडिकल कालेज प्रबंधन ने तीन मेंबरी कमेटी गठित कर दी है। इस संदर्भ में जब प्रिंसिपल कमलजीत कौर से संपर्क किया गया तो उनका मोबाइल फोन नंबर बंद था। हालांकि मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डॉ. करनैल सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, रिपोर्ट के बाद इस बारे कुछ बताया जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.