पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Kasmir Flood Victims Came At Amritsar Airport

जम्मू-कश्मीर बाढ़: 5 प्लेनों से 21 घंटों में पहुंचे 1023 लोग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(अमृतसर एयरपोर्ट पर आए कश्मीर के बाढ़ पीड़ित)
राजासांसी. कश्मीर में बारिश से हुई भारी तबाही के बाद सेना और एयरफोर्स की ओर से लोगों को सुरक्षित निकालने के काम मे तेजी लाई जा रही है। इसी के तहत शनिवार रात और रविवार 21 घंटों के दौरान 1023 लोग एयरफोर्स के जहाजों से श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लाए गए। जिला प्रशासन की ओर से इन लोगों को रिसीव करने के लिए डीसी रवि भगत के अलावा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से यहां पहुंचने वाले लोगों के खाने पीने का प्रबंध एयरपोर्ट पर ही किया गया था। इसके बाद इन लोगों को बसों द्वारा बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया गया। डीसी ने बताया कि जो लोग जहां-जहां के रहने वाले हैं, रेल गाड़ी और बस से उन्हें मुफ्त उनके घर व ठिकाने तक पहुंचाया जाएगा।

दोपहर बाद आए 283 लोग
एयरफोर्स के चार्ली-17 प्लेन से दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे कश्मीर से 283 लोग एयरपोर्ट पर पहुंचे। डीसी भगत की अगुवाई में यहां मौजूद प्रशासन की टीम ने इन सभी लोगों को दोपहर का खाना खिलाया और इनके लिए बसों का इंतजाम किया।

श्रीनगर के करण नगर में सीआरपीएफ के कैंप से अपने परिवार के साथ जान बचाकर यहां पहुंचे यूपी के विमलेश ने बताया कि उनके साथ कैंप के 17 लोग यहां पहुंचे हैं। श्रीनगर में ड्यूटी निभा रहे इन जवानों का बेस कैंप पूरी तरह पानी में डूब गया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। कैंप में रखे लकड़ी के लंबे टुकड़ों से रात दिन लगाकर नाव तैयार की और दो-दो लोगों को इसमें बिठाकर पानी से बाहर निकाला। इसके बाद कई दिनों तक ये लोग एक चार मंजिला इमारतों की छत पर रहे और खिचड़ी खाकर गुजारा करते रहे।

बुलंदशहर के रहने वाले अरुण और शिल्पा अपने दो बच्चों के साथ सुरक्षित यहां पहुंचकर खुश थे। उनका कहना था कि ईश्वर की कृपा और सेना के जवानों की जांबाजी के चलते वह सुरक्षित घर लौट रहे हैं। तीन दिन तक भूखे प्यासे अरुण और शिल्पा ने बताया कि एयरपोर्ट पर आकर उन्होंने पेट भरकर खाना खाया है।

एसजीपीसी की मदद से पहुंचे 32 लोग
शाम करीब सवा चार बजे स्पाइस जेट की फ्लाइट से 32 लोग एयरपोर्ट पर पहुंचे। इनकी टिकटों का इंतजाम एसजीपीसी ने किया था। जगदेव कलां के गुरदेव सिंह और जोबन जीत सिंह ने बताया कि वह 2005 से हर साल ठेके पर काम करने श्रीनगर जाते रहे हैं। 10 सालों के दौरान बारिश और आंधी-तूफान तो आते रहे लेकिन इतनी बड़ी तबाही आज तक नहीं देखी। डिप्टी कमिश्‍नर भगत ने बताया कि कश्मीर में राहतकार्यों के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता मुहैया कराई जा रही है।

एफसीआई की ओर से मुहैया करवाए गए 60 टन चावल आज कश्मीर भेजे गए हैं। कश्मीर से पहुंचने वाले प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की ओर से मुफ्त टेलीफोन काल करने की सुविधा भी मुहैया करवाई गई है।
आगे की स्लाइड्स में देखें. एयरपोर्ट पर कश्मीर से आए बाढ़ पीड़ितों की तस्वीरें..
फोटो : संजय वालिया