अमृतसर। दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की सीट पर कृष्णा नगर से चुनाव लड़ रही सीएम पद की दावेदार
किरण बेदी की हार से अमृतसर के लोग हैरान हैं। पति बृज बेदी तो खासे आहत हैं। वह इसे किस्मत का खेल मानते हैं। उनका कहना है कि दिल्ली के लोगों ने एक अच्छा मौका गंवा दिया है। सुबह जब से वोटों की गिनती शुरू हुई बेदी तभी से घर पर टीवी ऑन किए हुए बैठे रहे।
टीवी पर जैसे ही किरण के हार की खबर दिखाई वह सकते में आ गए और उनके मुंह से बरबस ही निकल गया उफ्फ! बेदी का कहना है कि 11 जनवरी को किरण का फोन आया था और उन्होंने राजनीति में आने के लिए मना किया था, मगर दूसरे दिन उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली। वह कहते हैं कि शायद किस्मत ने ही उनका साथ नहीं दिया। बेदी परिवार के कुछ नजदीकी लोगों का कहना है कि किसी पंडित ने पहले ही बताया था कि उनको सियासत रास नहीं आएगी। खैर, बृज का कहना है कि दिल्ली में भाजपा का जो हश्र हुआ है, उसमें युवा वोटरों ने अहम भूमिका निभाई है। इसमें
केजरीवाल के वादे भी जुड़ गए। कांग्रेस का दौड़ से बाहर होना भी हार का एक कारण है। किरण के मामले में वह कहते हैं कि भाजपा के अपने ही लोग साथ नहीं चले।
बृज का कहना है कि हार से किरण टूटेगी नहीं, वह बहुत बोल्ड है। अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती और किरण सीएम होती तो वहां के लोगों की किस्मत चमक जाती।