अमृतसर/अजनाला. शहीद देश कौम का सरमाया हैं और शहीदों की बलिदान की खातिर ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। कड़ाके की सर्दी में भी जवान देश की सीमाओं की रखवाली करते हैं तभी हम चैन की नींद सो पाते हैं। यह विचार कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने रखे। वह अजनाला में
जम्मू कश्मीर के उड़ी सेक्टर में 5 दिसंबर को अलगाववादियों द्वारा किए गए आत्मघाती हमले दौरान शहीद हुए लांस नायक सतनाम सिंह की आत्मिक शांति के लिए रखे गए अखंड पाठ साहब के भोग और अंतिम अरदास के अवसर पर बोल रहे थे।
मजीठिया ने कहा कि पंजाब का किसान देश के अन्न भंडारों में अपना योगदान दे रहा है तो कई जवानों ने सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान दिया है। उन्होंने शहीद की पत्नी भूपिंदर कौर को योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी देने का ऐलान करते कहा कि देश के लिए शहीद होने वाले किसी भी जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
इस मौके पर सैनिक भलाई विभाग के मुख्य पार्लियामेंट्री सचिव प्रो. विरसा सिंह ने शहीद के वारिस को 9 लाख रुपए वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया। सीपीएस बोनी अमरपाल सिंह अजनाला ने शहीद के परिवार को भरोसा दिया कि राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला ने सांसद कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से शहीद मेमोरियल के लिए 2 लाख रुपए देने का ऐलान किया।
इस मौके वीर सिंह लोपोके, तलबीर सिंह गिल, प्रो. सरचांद सिंह, सुरजीत सिंह भिटेवड, दया सिंह, चाचा मोहन सिंह मटिया, जसदीप सिंह सैनी, नवदीप सिंह गोल्डी, बाबा परमजीत सिंह ईसापुर, चेयरमैन मार्केट समिति सरपंच रुपिन्दर सिंह रूबी, खालसा कालेज गवर्नर कौंसिल के मैंबर गुरप्रीत सिंह आदि मौजूद थे।