पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअमृतसर. समय सुबह 9 बजे। स्थान गुरु नानक देव अस्पताल के बाहर स्थित तुली डायग्नोस्टिक सेंटर। यहां पर लोगों की भीड़ है। आर्थिक रूप से कमजोर ही नहीं, माध्यम वर्ग के परिवारों के लोग भी यहां पर खड़े हैं। पूछने पर पता चलता है कि हर तीसरे रविवार को सुबह 9 बजे तक आने वाले 150-200 लोगों के यहां पर ब्लड शूगर, कोलेस्ट्रोल, यूरिया क्रिटनीन आदि के फ्री टेस्ट किए जाते हैं।
यह सिलसिला डायग्नोस्टिक सेंटर के मालिक दिलीप तुली ने वर्ष 1999-2000 में तब शुरू किया था, जब वह रोटरी क्लब अमृतसर सेंट्रल के प्रधान बने थे। तब हर माह के पहले रविवार को यह टेस्ट हुआ करते थे, जो अब तीसरे रविवार को होने लगे हैं, जबकि पहले रविवार को पुतलीघर में खोले गए नए सेंटर में उनके बेटे डा. रोबिन तुली ने यह सिलसिला शुरू कर दिया है। दिलीप तुली का कहना है कि सेवा करने की यह प्रेरणा उन्हें अपने पिता डॉ. चरणदास तुली से मिली थी।
बेटा रोबिन भी कर रहा सेवा
तुली दंपति के एक बेटी रूबीना और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रोबिन डॉक्टर है, उसने पुतलीघर में नया सेंटर खोला है, वहां पर हर माह के पहले रविवार को रोटरी क्लब नार्थ ईस्ट से मिलकर फ्री कैंप लगाया जा रहा है। सबसे छोटा बेटा रूबल हाल ही में इंग्लैंड से पढ़ाई करके लौटा है और अब पीएचडी की पढ़ाई कर रहा है।
वर्ष 2000 में की शुरुआत
2000 सन से ही रोटरी क्लब सेंट्रल की ओर से इसे एक प्रोजेक्ट के रूप में अडॉप्ट किया गया है। इस पर आने वाला सारा खर्च तुली डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा ही वहन किया जा रहा है। तुली कहते हैं कि शीघ्र ही यहां पर इस कैंप में हेपाटाइटिस बी एंड सी के टैस्ट भी शुरू कर दिए जाएंगे।
पत्नी ने 5 बच्चों को किया हुआ है अडाप्ट
तुली कहते हैं कि भगवान उन्हें शक्ति दे यह सिलसिला अंतिम सांस तक चलता रहेगा। उनकी पत्नी नीटा तुली, जो कि इनरव्हील क्लब की प्रेजिडेंट रह चुकी हैं, उन्होंने करीब सात साल पहले गरीब परिवारों से संबंधित पांच बच्चों को अडाप्ट किया था, जो अब नौंवी और दसवीं में पढ़ रहे हैं। उन्होंने इन बच्चों के परिवार वालों को ताकीद कर रखी है कि वह बच्चों को स्कूल जाने से रोकें नहीं, बल्कि उनकी मदद करें। यदि इन बच्चों ने अच्छे नंबर ले लिए और अपने दम पर किसी अच्छे कोर्स में दाखिला लेने में कामयाब हो गए तो इनकी पढ़ाई का सारा खर्च वहन करेंगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.