पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Mayor Said I Will Resign If My Hand Was In Illegal Construction

अवैध निर्माण में अगर मेरा हाथ साबित हुआ तो दूंगा इस्तीफा: मेयर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अमृतसर. नगर निगम से निलंबित चल रहे एमटीपी देसराज की ओर से शहर में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर मेयर बख्शी राम अरोड़ा की खामोशी पर लगाए गए आरोपों के बाद मेयर ने इस पर पलटवार कर दिया है। मेयर ने देसराज को खुली चुनौती दी है कि यदि किसी एक भी निर्माण में उनका शामिल होना साबित हो जाता है तो वह अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे।

उन्होंने यह भी कहा है कि 200 इमारतों का निर्माण तो दूर यदि उन्हें कोई शहर के किसी भी कोने में हो रहे अवैध निर्माण की जानकारी मुहैया करवाता है तो वह मीडिया वालों को साथ लेकर उन इमारतों का काम या तो बंद करवा देंगे या फिर नगर निगम के नियमों के अनुसार उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं देसराज का कहना है कि मेयर एमटीपी दफ्तर से सेक्टर वाइज रजिस्टर ही मंगा लें तो उन्हें पता चल जाएगा कि कितनी इमारतों को नोटिस जारी हुआ
है और कितनों पर कार्रवाई हुई है। रही अवैध इमारतों की बात तो मजीठा रोड, हुसैनपुरा चौक, जीटी रोड, पुतलीघर आदि इलाकों में अवैध निर्माण जारी है। मेयर जब कहेंगे वह उन्हें शहर में हो रहे अवैध निर्माण की जानकारी भी दे देंगे।

मेयर ने कहा कि उन्होंने कभी किसी अवैध निर्माण करवाने की सिफारिश नहीं की है। यदि एक भी इमारत के निर्माण में उनका शामिल होना पाया जाता है तो वह अपने पद से इस्तीफे दे देंगे। दरबार साहिब के आसपास के इलाकों में हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद हो रहे निर्माण को लेकर वह कहते हैं कि इस इलाके में हुए निर्माण को लेकर कोर्ट द्वारा बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन जांच कर रही है।
उन्होंने अपने स्तर पर एसटीपी विभाग से इस बारे में पूछा तो उन्हें जवाब मिला कि कोर्ट के स्टे के बाद 2012 के बाद कोई निर्माण नहीं हुआ है। फिर भी यदि कोई उन्हें अवैध निर्माण की जानकारी दे तो वह अपने राइटिंग पैड पर एसआईटी के चेयरमैन को लिखकर अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने की सिफारिश करेंगे।
मजीठा रोड, रानी का बाग में हो रहे दर्जनों अवैध निर्माण
देसराज ने कहा कि मेयर साहिब एमटीपी दफ्तर से सेक्टर वाइज रजिस्टर मंगवा लें तो उन्हें शहर में हो रहे अवैध निर्माण की पूरी जानकारी मिल जाएगी। वैसे उनकी जानकारी के लिए वह बता देते हैं कि क्वींस रोड, लारेंस रोड, मजीठा रोड, रानी का बाग, शास्त्री नगर, जीटी रोड पर दर्जनों अवैध निर्माण हो रहे हैं और वह सो रहे हैं। फिर भी यदि मेयर साहिब को कोई शंका है तो वह उनसे संपर्क करें वह बता देंगे कि कहां कहां हो रहे हैं अवैध निर्माण।