पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Passport Appointment Is Selling Worth 600 To 1300 In Amritsar

600 से 1300 रुपए में बिक रही पासपोर्ट की अप्वाइंटमेंट!

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अमृतसर. माल रोड स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में पासपोर्ट बनवाने के लिए आ रहे लोग लगातार एजेंटों के हाथों लुट रहे हैं। विभाग की तरफ से लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम शुरू किया गया है, लेकिन यही सिस्टम उनके लिए जी का जंजाल बन गया है। आवेदनकर्ताओं का कहना है कि उन्हें बार-बार अप्लाई करने के बाद भी अप्वाइंटमेंट नहीं मिल पाती। इसलिए मजबूरन उन्हें एजेंटों के पास जाकर हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। हालांकि ऑनलाइन आवेदन करने के लिए कोई फीस नहीं लगती है, लेकिन एजेंट मुंह मांगे पैसे वसूल रहे हैं।

प्रतिदिन सिर्फ 500 अप्वाइंटमेंट
लोगों के अनुसार पासपोर्ट विभाग की साइट शाम 6 बजे खुलती है। इस पर प्रतिदिन 500 लोग अप्वाइंटमेंट लेते हैं, लेकिन मात्र पांच मिनट में यह कोटा पूरा हो जाता है। इसके बाद साइट बंद हो जाती है। सोमवार को यहां पहुंचे रछपाल सिंह का कहना है कि बार-बार अप्लाई करने पर भी जब उन्हें अप्वाइंटमेंट नहीं मिली तो मजबूरन उन्हें एजेंट को 1300 रुपए देने पड़े। इसके बाद वह आज यहां पासपोर्ट बनवाने के लिए आ सके हैं। इसी तरह स्वीटी अरोड़ा ने बताया कि उन्हें 600 रुपए एजेंट को देने पड़े हैं।

कार्रवाई की, पर सुधरते नहीं एजेंट
पासपोर्ट अधिकारी जीएस सोढी का कहना है कि एजेंटों पर नकेल डालने के लिए वह कई बार कार्रवाई कर चुके हैं। पुलिस को भी शिकायतें दी गईं। पीसीआर को भी मौके पर बुलाकर कार्रवाई की गई, लेकिन दो-चार दिन ठीक रहने के बाद हालात फिर से वैसे ही हो जाते हैं। सरकार की ओर से उन्हें पासपोर्ट कार्यालय में कोई सुरक्षा कर्मी नहीं दिए हैं। इसलिए वह भी मजबूरन कोई एक्शन नहीं ले पाते। अप्वाइंटमेंट सुविधा को आसान बनाने के लिए वह मंत्रालय को कुछ प्रपोजल भेज चुके हैं। उम्मीद है जल्द ही कोई हल निकल आएगा।