पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पाक अधिकृत कश्मीर में भारतीय ट्रक ड्राइवरों को रोके जाने से आईसीपी के ड्राइवरों में खौफ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अमृतसर/जम्मू. पाक अधिकृत कश्मीर में 27 भारतीय ट्रक ड्राइवरों के रोके जाने के बाद से अटारी के जरिए पाकिस्तान जाने वाले ट्रक ड्राइवरों में भी खौफ का आलम है। यह लोग गाड़ी लेकर सरहद पार तो जाते ही हैं, मगर इस दौरान उनमें हमेशा ही भय बना रहता है कि उधर जाकर पता नहीं क्या हो जाए। उनके मालिकों ने भी इनको खास हिदायत दी है कि वह लोग जाते वक्त खास एहतियात बरतें।

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्राइवर के पास से निकले 100 करोड़ की ब्राउन शूगर की बरामदगी के बाद हुई कार्रवाई के बदले पाकिस्तान ने भारत के 27 ट्रक ड्राइवरों को पाक अधिकृत कश्मीर में रोक लिया है। इसके बाद से ही अटारी स्थित इंटीग्रेटेड चैक पोस्ट के जरिए ट्रक लेकर जाने वाले हमारे ड्राइवर भयभीत हैं। ड्राइवर प्रीतम सिंह और बलजीत सिंह का कहना है कि गलती किसी ने की और खामियाजा हमें भुगतना पड़े, इसका डर हमेशा बना रहता है। इन दोनों का कहना है कि सरकार उनके जैसे लोगों की सुरक्षा यकीनी बनाए।

एक अन्य ड्राइवर भंवर पांणी का कहना है कि आईसीपी के भीतर एक ऐसा गोदाम हो, जिसका गेट पाकिस्तान की तरफ और भारत की तरफ खुले ताकि माल को ड्राइवर अपनी-अपनी हद से उठा लें। अटारी ट्रक यूनियन के प्रधान हरिंदरपाल सिंह लाली का कहना है कि जम्मू की घटना के बाद ड्राइवर डरे हुए हैं। हालांकि कस्टम कमिश्नर सुनील कुमार साहनी का कहना है कि जम्मू का मामला अलग है, आईसीपी का अलग, यहां ऐसा कोई खतरा नहीं है।