अमृतसर. शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी को गुर घर में धमाका करने की धमकी देने वाले को पुलिस ने यूपी के मुज्जफरनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कमल कुमार के तौर पर हुई है। इसने कुछ दिन पहले खुद को इस्लामिक संगठन का सदस्य बताकर एसजीपीसी को फोन किया था। उसके बाद से दरबार साहिब की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जिस नंबर से धमकी दी थी। पुलिस ने वह नंबर बुधवार को ही ट्रेस कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया, उसने शरारत की थी ताकि एसजीपीसी वाले दरबार साहिब की सुरक्षा बढा़ दें। उसे ऐसा लगता था कि यहां आने वाले श्रद्वालु सुरक्षित नहीं है। उनसे लूट-पाट की घटनाएं आम हो रही है। आरोपी का भी
मोबाइल भी दरबार साहिब परिसर में किसी ने चोरी कर लिया था।
बुआ के बेटे की दुकान से मिला था गुम हुआ सिम
एडीसीपी हरजीत सिंह बराड़ ने बताया, दरबार साहिब से माथा टेकने के बाद आरोपी कमल हरिद्वार अपनी बुआ के घर गया। बुआ के बेटे अनुज की मोबाइल रिपेयर की दुकान है। उसके पास एक महिला ने मोबाइल ठीक करने को दिया था लेकिन वह सिम निकालना भूल गई। अगले दिन महिला मोबाइल लेने आई तो सिम कार्ड नहीं था। पूछा तो अनुज ने बताया, दुकान में कहीं गुम हो गया है। महिला ने भी परवाह नहीं की और नया सिम ले लिया। आरोपी अपनी बुआ के बेटे की दुकान पर बैठा था तो उसे वह खोया सिम मिल गया। उसने उसे चुपचाप अपने पास रख लिया। इसके बाद नेट से एसजीपीसी के नंबर लेकर फोन कर दिया और खुद को इस्लामिक संगठन का सदस्य बता धमकी दे डाली। आरोपी से पूछताछ चल रही है।
खुद का मोबाइल चोरी हुआ तो शरारत में फोन कर दिया
पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने बताया, आरोपी कुछ महीने पहले अमृतसर आया था। दरबार साहिब में माथा टेकने गया तो उसका मोबाइल फोन किसी ने चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी सोचने लगा कि यहां पर सुरक्षा के इंतजाम इतने ज्यादा कड़े नहीं है। इसके बाद उसे शरारत में धमकी भरा फोन कर दिया।