पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मेट्रो बस के लिए पुलिस किया लाठीचार्ज, 32 मिनट में हटाए 54 खोखा मालिक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लोगों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
अमृतसर. जीटी रोड पर थाना कैंटोनमेंट के सामने स्थित 54 खोखों को 32 मिनट में जमींदोज कर दिया गया है। इस दौरान पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पिछले 16 सालों से यहां पर अपना कारोबार चला कर परिवार का पेट पाल रहे लोगों ने सरकार और निगम के खिलाफ नारेबाजी कर गरीबों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इनका कहना था कि वह निगम को हर माह फीस दे रहे हैं, तो फिर उन्हें क्यों उजाड़ा जा रहा है।

खोखों को हटाने के लिए निगम ने सभी खोखा मालिकों को 9 सितंबर को नोटिस जारी कर यहां से हटने को कहा था। इस जगह के बदले में निगम ने सभी खोखा मालिकों को ग्वाल मंडी में स्वदेशी वूलन मिल के पास जगह देने की पेशकश भी की थी। किंतु ये लोग नाइयां वाला मोड़ पर जगह दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
सुबह 4 बजे ही टाउन हाल स्थित निगम के आॅफिस में अफसर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। दो घंटे तक रणनीति बनाने के बाद भारी पुलिस फोर्स के साथ अफसर यहां से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। खोखे हटाने के लिए चार टीमें बनाई गई थी। हरेक टीम में एक-एक डिच मशीन, एक-एक टिप्पर, एक-एक ट्रक और 20-20 कर्मियों के दल को शामिल किया गया था। हरेक टीम के साथ एक एक्सईएन स्तर के अफसर को लगाया गया था। इसके अलावा 150 पुलिस सुरक्षा कर्मियों की फौज किसी भी अनहोनी घटना से निपटने के लिए तैयार थी। इनका नेतृत्व एसीपी डाॅ. बाल कृष्ण सिंगला कर रहे थे। नायब तहसीलदार प्रवीण छिब्बड़ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया। साढ़े सात बजे निगम के एडीशनल कमिश्नर जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और एसीपी डाॅ. सिंगला से बातचीत करने के बाद 7.50 पर खोखों पर डिच मशीन चलाने के आदेश दे दिए। 8.20 पर कार्रवाई को अंजाम दे दिया गया था।

यहां पर कारोबार करने वाले सुभाष, तिलक, संत कुमार, सुरिंदर कुमार, राजेश, गौरव, राम नाथ, मीना, कैलाश, रानी आदि ने निगम के अफसरों से खोखों को न उजाड़े जाने की मिन्नतें कीं। किंतु अफसरों को ऊपर से आदेश होने के कारण वे खोखे ढहने देते रहे।

पहले अफसरों ने दीवार से साथ शुरू होने वाला पहला खोखा नहीं गिराया तो इसका विरोध शुरू हो गया। इतने में निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वधावन को कहा कि यदि यह खोखा आड़े आ रहा तो इसे हटाओ, वर्ना रहने दो। बाद में इसे भी गिरा दिया गया। खोखे की मालकिन हरभजन कौर का कहना है कि निगम ने अंदर रखे सामान को भी नहीं उठाने दिया।
बीआरटी प्रोजेक्ट के तहत चौड़ी की जानी है सड़क
निगम के एडीशनल कमिश्नर जसबीर सिंह ने बताया कि जीटी रोड पर रेलवे स्टेशन से लेकर नारायणगढ़ स्थित शाम सिंह अटारी वाला के बुत (इंडिया गेट) तक बीआरटी प्रोजेक्ट के तहत बसें चलाई जानी हैं। ट्रैफिक को ठीक ढंग से चलाने के लिए सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इसीलिए रास्ते में आने वाले कई खोखों को हटाया जा रहा है।
आगे की स्लाइड्स में देखें लाठीचार्ज की तस्वीरें..
फोटो- हरविंदर संधू