अमृतसर. प्राॅपर्टी टैक्स का नया स्वरूप तैयार कर लिया गया है। इसे 23 सितंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में पेश किया जाना है। कई माह की मेहनत के बाद कारोबारियों व अलग-अलग संगठनों से विचार करके यह स्वरूप तैयार किया गया है। लोकल बॉडी मिनिस्टर अनिल जोशी को उम्मीद है कि टैक्स के नए ढांचे को जनता स्वीकार करेगी। साल 2012-13 का टैक्स भी जनता ने अभी नहीं चुकाया है। लोकसभा चुनावों में जेटली की हार से सरकार इतना डर गई थी कि प्राॅपर्टी टैक्स को लेकर कोई भी खतरा मोल नहीं लेना चाह रही थी। मार्च 2014 को बीते हुए भी 6 माह हो गए हैं, अभी तक 24 करोड़ रुपए टैक्स ही इकट्ठा हो सका है। जबकि निगम ने इस वर्ष का लक्ष्य 45 करोड़ रुपए रखा था। कई बार टैक्स जमा करवाने की अंतिम डेट बढ़ाने के बावजूद लोग अपना टैक्स नहीं दे रहे हैं। हालांकि हर बार सरकार का यही दावा होता है कि इस बार टैक्स जमा करवाने की डेट आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
23 को कैबिनेट में आएगा टैक्स का नया स्वरूप
मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि साल 2012-13 का प्राॅपर्टी टैक्स तो जनता को जमा करवाना ही पड़ेगा। इसके लिए 30 सितंबर तक बिना जुर्माने के टैक्स जमा करवाया जा सकता है। इसके साथ ही अगले साल 2013-14 के लिए नई नीति तैयार कर ली गई है। इसे 23 सितंबर को होने वाली कैबिनेट में पेश किया जाएगा।