अमृतसर. केंद्रीय कंज्यूमर अफेयर्स फूड एंड सप्लाई मंत्री राम विलास पासवान ने कहा, 100 दिन का कार्यकाल किसी भी सरकार के लिए कोई अधिक समय नहीं होता। इतना समय तो सिस्टम समझने में ही लग जाता है। फिर भी इन 100 दिनों में पूरे विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने महंगाई पर लगाम लगाकर और जापान, नेपाल आदि देशों का भ्रमण कर यह सिग्नल दिया है कि आने वाले समय में देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।
केंद्रीय मंत्री पासवान अटारी बार्डर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का दौरा करने से पहले स्थानीय होटल में गार्ड आॅफ आॅनर लेने के बाद दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत कर रहे थे। पासवान ने कहा, मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिनके शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मोदी ने पहले ही दिन यह संदेश दे दिया था कि भारत सभी से दोस्ताना संबंध चाहता है। कहा कि देश की तरक्की के लिए जरूरी है कि पड़ोसी देशों से संबंध मधुर हों और व्यापार को बढ़ावा मिल सके। मोदी इसी कोशिश में लगे हुए हैं।
चीन की सेना और सिविलियंस के भारतीय सीमा में दाखिल होने के सवाल पर पासवान ने कहा, अभी चीन के राष्ट्रपति भारत के दौरे पर हैं। इसलिए मौजूदा समय में इस पर टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा। उन्हें उम्मीद है कि इन सब बातों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी चीनी राष्ट्रपति से चर्चा जरूर करेंगे।
वहीं,
जम्मू-कश्मीर में आई त्रासदी को लेकर पासवान ने कहा कि मोदी ने पहले ही दिन
कश्मीर दौरे के दौरान एक हजार करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा कर दी थी। वहां के लिए जो भी संभव होगा केंद्र सरकार जरूर मदद करेगी।
(अटारी बार्डर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर लेते केंद्रीय मंत्री।)