अमृतसर. नाबालिग लड़की को अगवा कर रेप करने के आरोप में थाना इस्लामाबाद पुलिस ने गुरदासपुर निवासी बोध राज के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़ित लड़की को एक शादी समारोह में मिला था। वहीं पर जान पहचान के कारण वह उसे आसानी से अगवा कर ले गया।
पुलिस शिकायत में झब्बाल रोड निवासी नाबालिग लड़की ने बताया कि वह कोट खालसा सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। कुछ सप्ताह पहले उनके एक रिश्तेदार की शादी थी। आरोपी भी वहां पर आया था और उनमें जान-पहचान हो गई। 12 सितंबर की सुबह करीब 7.30 बजे आरोपी एक बोलेरो कार में सवार होकर गुरबख्श नगर आ गया। वह घर से स्कूल की तरफ जा रही थी। आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। जान-पहचान होने के कारण वह आरोपी के साथ कार में बैठ गई। इसके बाद वह उसे बस स्टैंड के पास एक होटल में ले गया। वहां पर कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। जिसे पीने के बाद उसे बेहोशी छा गई। करीब 12.30 पर होश आया तो आरोपी उसके साथ रेप कर रहा था। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी ने शादी करने की बात कह कर उसे चुप करवा दिया। इसके बाद उसी कार में बैठा कर बटाला स्थित उसकी आंटी के घर ले गया। जहां पर घरवालों को बुलाया गया और सारी बात उन्हें बताई। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मार देने की धमकियां देनी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।