अमृतसर। हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए पूर्व अकाली सरपंच जगीर सिंह और साथियों को मंगलवार को जज शिवानी संगर की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने जगीर सहित सभी छह आरोपियों लखविंदर सिंह, लवजीत सिंह, रणजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, पवनदीप सिंह को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इनसे रविवार रात को थाना कंटोनमेंट पुलिस ने 7 किलो 250 ग्राम हेरोइन बरामद की थी।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 10 दिन का रिमांड मांगा था। पुलिस की ओर से दलील दी गई थी कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान और भी लोगों के गिरफ्तार होने की संभावना है। आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में रहे हैं और कितने समय से हेरोइन का धंधा कर रहे हैं, बरामद हुई खेप को आरोपी किन लोगों को डिलीवर करने के लिए जा रहे थे आदि की गंभीरता से पूछताछ करनी है। इन सारे पहलुओं पर गौर करते हुए अदालत ने सात दिन का रिमांड दिया है। आरोपियों को 29 सितंबर को दोबारा से पेश किया जाना है।
वहीं अभी तक पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी पिछले कई सालों से इस गोरखधंधे को बड़े गुप-चुप तरीके से कर रहे थे। आरोपी पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाते थे। इसे आगे छोटे-छोटे तस्करों को बेच देते, वह तस्कर आगे नशा करने के आदि लोगों को हेरोइन की पुड़ियां बनाकर बेच देते और उनसे मोटी रकम वसूल करते। गौर हो कि पुलिस ने माहल बाइपास पर ट्रैप लगाकर एक सफेद रंग की कार में आते हुए इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने कार के अंदर सीटों के नीचे हेरोइन के पैकेट छिपा रखे थे।
पुलिस ने मौके पर आरोपियों को पकड़ लिया और हेरोइन कब्जे में ले ली। आरोपी जगीर सिंह गांव काऊके में अकाली पार्टी की ओर से 10 साल तक सरपंच रह चुका है। इस धंधे में आरोपी का बेटा लखविंदर सिंह भी शामिल है।
(फोटो- सभी आरोपियों को 29 सितंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।)