पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लेफ्ट साइड से ओवरटेक कर रही स्कूल बस ट्रक से टकरा कर पलटी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अमृतसर। अजनाला रोड पर मंगलवार सुबह लेफ्ट साइड से ओवरटेक कर रही स्कूल बस रेत से भरे ट्रक से टकरा कर पलट गई। इसमें एक छात्रा गंभीर रूप से जख्मी हो गई और पांच को मामूली चोटें आई हैं। जिन्हें पास ही के हरतेज अस्पताल में एडमिट करवाकर इलाज करवाया गया। पुलिस ने दोनों ड्राइवरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रेत से भरा ट्रक पीबी06ए-2318 अपनी रफ्तार पर चल रहा था। पीछे से आ रही स्कूल बस नंबर ने हॉर्न देकर साइड लेनी चाही। जब ट्रक ड्राइवर ने साइड न दी तो स्कूल बस चालक ने बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय बस की पिछली साइड ट्रक के अगली तरफ टकरा गई। इसके चलते बस चालक अपना संतुलन खो बैठा और बस पलट गई। वहीं ट्रक चालक भी अपना संतुलन खोते हुए साइड पर लगाए हुए जंगलों से टकरा गया।

आसपास के लोगों ने तुरंत बस को सीधा कर स्कूली बच्चों को बीच में से निकाला और पास ही के हरतेज अस्पताल में एडमिट करवा दिया। इस बीच मुस्कान नाम की छात्रा, जो बस के पिछली ओर बैठी थी को गंभीर चोटें आईं हैं। 5 स्टूडेंट्स को मामूली पट्टियां कर छुट्टी दे दी गई।

बस चालक साहिब सिंह ने कहा कि जब बस ओवर टेक कर रही थी तो ड्राइवर ने एक दम ट्रक को उसकी ओर मोड़ दिया। ट्रक ने बस के पिछली साइड पर टक्कर मारी। इस कारण बस घूम गई और पलट गई। वह तो बस को बहुत ही धीमी रफ्तार से चला रहा था।

ट्रक चालक कुलवंत सिंह ने कहा कि वह होशियारपुर से रेत लेकर आ रहा था और उसे मीरांकोट चौक की ओर जाना था। वह अपनी रफ्तार पर सड़क के दाईं ओर ट्रक चला रहा था। बस ने लेफ्ट साइड से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस की पिछली साइड ट्रक से टकरा गई और वह पलट गई।
दोनों ड्राइवरों को हिरासत में ले लिया है: एएसआई

"दोनों ड्राइवरों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक बच्ची अस्पताल में दाखिल है। बच्ची व उसके घर वालों के बयान लेने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
-वरिंदर कुमार, एएसआई, गुमटाला चौकी