अमृतसर. पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान शाम सिंह को तीसरी बार प्रधान चुना गया है। यह चुनाव लाहौर स्थित औकाफ बोर्ड के आॅफिस में कमेटी के दस मेंबरों ने सर्वसम्मति से किया। इस कड़ी के तहत ननकाना साहिब के रहने वाले गोपाल सिंह चावला को कमेटी का महासचिव चुना गया। इस चुनाव पर औकाफ बोर्ड के चेयरमैन सुदीक उल फारुक, एडिशनल चेयरमैन खालिद अली ने मोहर लगाई।
इस संदर्भ में एनएमए (सांसद) रमेश सिंह अरोड़ा ने बताया कि पाकिस्तान के सिखों की लंबे समय से मांग थी कि कमेटी का चुनाव करवाया जाए। उसी के मद्देनजर पीएम मियां नवाज शरीफ ने इसे सिरे चढ़ाया है।
अरोड़ा ने बताया कि दो सालों से कमेटी भंग चल रही थी। इसके चलते गुरुद्वारा साहिब के कामकाज भी प्रभावित हो रहे थे। कमेटी में बाबा शाम सिंह को मिला कर कुल दस लोग हैं। इनमें रमेश सिंह अरोड़ा, मनिंदर सिंह, डॉ. सरवन सिंह, पूर्व प्रधान बिशन सिंह, तारू सिंह, गोपाल सिंह, साहिब सिंह, भगत सिंह, बाबा अमरजीत सिंह, शामिल हैं।
नवनिर्वाचित प्रधान शाम सिंह ने बताया कि वह कमेटी की सेवा दो बार पहले भी निभा चुके हैं। वह हर संभव कोशिश करेंगे कि पाकिस्तान के सिखों की भावनाओं की कदर की जाए और मर्यादा के मुताबिक गुरुद्वारा साहिबान की सांभ-संभाल हो।