अमृतसर. दमदमी टकसाल के मुखी तथा गर्मपंथी नेता जरनैल सिंह भिंडरांवाला का पुतला फूंकने को लेकर गुरुवार को शिव सेना तथा दमदमी टकसाल (अजनाला)गुट के समर्थक आमने-सामने हो गए। तलवारें निकली, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते कोई हिंसक घटना नहीं हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को हल्का लाठी चार्ज करते हुए खदेड़ा दिया और फिर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
भिंडरांवाला का जन्मदिन था और उसी के विरोध में शिवसेना शेर-ए-पंजाब के प्रधान विवेक सग्गू के नेतृत्व में हाथी गेट पर पुतला फूंकने की योजना बनाई थी। उसी के विरोध में दमदमी टकसाल अजनाला ग्रुप के मुखी भाई अमरीक सिंह अपने समर्थकों को लेकर उसे रोकने पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती इससे पहले एडीसीपी-1 परमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
सग्गू अपने साथियों के साथ पुतला जलाने लगे तो पुलिस ने पुतले को उठाकर अपनी गाड़ी में रखा और शिव सैनिकों को वहां से जाने को कहा। इसके बाद अमरीक सिंह अपने समर्थकों सहित वहां तलवारें फहराते हुए पहुंचे और इसी को देख कर शिव सेना समर्थकों ने भी रोष जताना शुरू किया। पुलिस ने दोनों गुटों के सदस्यों और भीड़ को खदेड़ने के लिए हलका लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने भाई अमरीक सिंह और विवेक सग्गू समेत करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इस दौरान अजनाला ग्रुप के बाकी सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और शिव सेना की दोनों गाड़ियों का घेराव किया। पुलिस ने कारों में पड़ी तलवारें और अन्य हथियार भी बरामद किए। इसी बीच दमदमी टकसाल अजनाला ग्रुप के सदस्य अपनी गाड़ी में सवार होकर जाने लगे तो एसीपी अमनदीप बराड़ और अन्य पुलिस कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को रोका और थाने चलने को कहा। इसी बीच गाड़ी से उतरकर ग्रुप के सदस्यों ने बराड़ के साथ मामूली तकरार भी किया और उन्हें भी हिरासत में लिया गया।
आगे की स्लाइड्स में देखें घटना की PHOTOS