अमृतसर. रविवार सुबह चमरंग रोड पर किराए की दुकान को खाली करवाने को लेकर दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान दुकान मालिक के कारिंदों ने गोली चला दी। गोली के छर्रे लगने से तीन युवक हैपी, सन्नी और विक्की गंभीर जख्मी हो गए। जख्मियों को तुरंत आस-पास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना सुल्तानविंड की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने मौके से एक दोनाली बरामद कर करीब छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान विजय महाजन, बबलू, रवि, विकास, केवल कृष्ण और राजा निवासी चमरंग रोड के तौर पर हुई है। घटना के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। जानकारी के मुताबिक चमरंग रोड पर जगजीत सिंह शांगा 25 सालों से किराए की दुकान में कबाड़ का काम करता है।
इस दुकान को वहीं पर मौजूद चाचा-ताया सेल्स कार्पोरेशन के मालिक विजय महाजन ने खरीद लिया। महाजन दुकान को खाली करवाना चाहता है। इसके तहत अदालत में केस चल रहा है। शनिवार रात को दुकान खाली करने को लेकर महाजन और जगजीत सिंह के बीच बहस हो गई, लेकिन आस-पास के लोगों ने बीच में आकर बचाव कर दिया और झगड़ा वहीं पर खत्म करवा दिया। रविवार सुबह जगजीत अपनी दुकान खोलने के लिए आया। इसी दौरान महाजन अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर आ गया और आते ही झगड़ा शुरू कर दिया। महाजन पक्ष की तरफ से किसी ने गोली चला दी, जिसके छर्रे पास ही खड़े तीन युवकों को जा लगे। इससे तीनों ही गंभीर जख्मी हो गए। इतना ही नहीं झगड़े दौरान मौके पर जमकर पथराव भी किया गया और सड़क पर खड़ी दो कारों को बुरी तरह से तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही थाना सुल्तानविंड, रामबाग, बी डिवीजन की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात पर काबू पाया जा सका। पुलिस के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना बी डिवीजन पुलिस ने जगजीत सिंह के बयानों पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अमरीक सिंह ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है। वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।