पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअमृतसर. उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दावे करने वाला पावरकॉम अपने कर्मचारियों के लिए शिकायत दफ्तर का इंतजाम करने में असहाय नजर आ रहा है। यही कारण है कि इस्लामाबाद सब डिवीजन में विभाग का शिकायत दफ्तर खस्ताहाल कमरे में चल रहा है। इसमें चार बस बार (कंडक्टर जिसमें से बिजली जाती है) और 500 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। इलाका के जेई और दूसरे कर्मचारी इसी कमरे में बैठते हैं।
यहां लगी बस बार जिसमें बिजली का करंट दौड़ता है, से दो कदम की दूरी पर जेई की कुर्सी और एक टेबल के आगे तीन कुर्सियां रखी हुई हैं। अगर किसी भी समय बस बार या ट्रांसफार्मर में फ्लैश हो जाए तो कर्मचारियों की जान पर बन सकती है। लेकिन इस सबसे बेपरवाह विभाग के अधिकारी इस और गंभीर दिखते नजर नहीं आ रहे। पिछले करीब दो महीने से यहां शिकायत केंद्र का कोई पक्का इंतजाम नहीं है। इससे पहले इसके ठीक सामने एक डीजे की दुकान में शिकायत केंद्र चलता रहा।
पहले था सब डिवीजन दफ्तर
इस्लामाबाद इलाके में पिछले करीब तीन दशकों से बिजली विभाग का दफ्तर था जिसकी बिल्डिंग में एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारियों के कमरों के अलावा शिकायत दफ्तर भी बना हुआ था। इलाके के बिजली बिल भी
इसी दफ्तर में जमा करवाए जाते थे। करीब एक महीने पहले इस इमारत को गिरा दिया गया क्योंकि यहां 66 केवी बिजली घर बनने जा रहा है। इमारत को गिराने के बाद इस्लामाबाद सब डिवीजन को हाल गेट बिजली घर में
शिफ्ट कर दिया गया और यही बिल काउंटर भी बना दिया, लेकिन इलाके के शिकायत केंद्र को यही रहने दिया गया। विभाग के नोटिस में होने के बावजूद पहले से शिकायत केंद्र के लिए किसी पक्की जगह का इंतजाम नहीं किया गया।
यह होती है बस बार बस बार एक तरह का कंडक्टर होता है जिसमें से बिजली का प्रवाह चलता रहता है। इस बस बार में अलग अलग इलाके के इलेक्ट्रिक सर्किट होते हैं। जब भी कोई फाल्ट हो या लोड अधिक हो जाए तो संबंधित इलाके के बस बार का स्विच ट्रिप कर जाता है और इलाके की लाईट बंद हो जाती है। फाल्ट ठीक होने पर इसका स्विच लगा दिया जाता है। ट्रिपिंग के दौरान अगर फ्लैश हो जाए तो वहां मौजूद कर्मचारी की जान को खतरा हो सकता है। नियमों के मुताबिक किसी भी बस बार स्टेशन में डयूटी पर मौजूद कर्मचारी को बस बार से करीब 10 फीट की दूरी पर रहना होता है। इस्लामाबाद दफ्तर में लगे चार बस बार में से तीन बंद हैं लेकिन एक काम करता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.