अमृतसर. अजनाला रोड स्थित कचहरी परिसर के पास सोमवार एक्टिवा पर सवार होकर आए करण और सुरिंदर ने सीधे फायर कर दो युवकों शरणजीत शन्ना और मोरिस को जख्मी कर दिया। पुलिस इसे बीते शुक्रवार सर्कुलर रोड पर हुई दो गुटों की लड़ाई के साथ जोड़कर देख रही है। दोनों जख्मी युवकों को गुरु नानक देव अस्पताल एडमिट करवाया गया है। शन्ना के पेट और छाती व मोरिस की टांग पर गोली लगी है। अस्पताल में एसीपी बलकार सिंह ने पहुंचकर दोनों के बयान दर्ज किए, लेकिन वह गैंगवार होने से इंकार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे के करीब कुछ युवक पेशी के लिए कचहरी परिसर की ओर जा रहे थे। कचहरी परिसर के पास करण और सुरिंदर नामक युवकों ने सड़क पार से 7-8 फायर किए, जिसमें से तीन गोलियां शरणजीत शन्ना और मौरिस को लगीं। लोगों ने तुरंत युवकों को उठाकर गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। लेकिन दोनों ही युवक पुलिस को पूरी जानकारी नहीं दे रहे हैं।