अमृतसर. तीन दिसंबर की रात को शादी के दौरान एक रिसोर्ट में हुए झगड़े पर वकील के खिलाफ कार्रवाई न होने के कारण कनिष्का सरपाल और प्रिया कपूर ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के बाहर आत्मदाह करने की धमकी दी है। उक्त दोनों महिलाओं ने रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया है कि उनके साथ छेड़छाड़ की गई। उनके पतियों ने इस बात का विरोध किया तो वकील ने अपने साथियों के साथ आकर झगड़ा शुरू कर दिया। अब उल्टा उनके पतियों के खिलाफ ही हत्या प्रयास का केस दर्ज करवा दिया गया है, जबकि सीसीटीवी फुटेज में सब कुछ साफ है।
वह इस संबंधी शिकायत पुलिस को दे चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। हालांकि वह डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल भी इस मामले में डीसीपी बिक्रम पाल भट्टी को पुख्ता कार्रवाई करने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन उनकी बात को पुलिस ने अनसुना कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ डीसीपी भट्टी ने मामले की जांच का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया है।
कनिष्का सरपाल और प्रिया कपूर ने कहा कि उनके पतियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है। दस दिन से वह लोग घर से भागे फिर रहे है। वह दो दिन पहले डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल से मिले थे और पूरी जानकारी उन्हें दी। सीसीटीवी की फुटेज भी दिखाई। जिस तहत उन्होंने पास खड़े डीसीपी भट्टी को निर्देश जारी कर वकील के खिलाफ केस दर्ज कर पूरे मामले पर 24 घंटे में रिपोर्ट देने के लिए कहा था, लेकिन इस बात को भी 48 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है। पुलिस ने वकील के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार को इस पर कोई कार्रवाई न हुई तो वह दोनों मंगलवार दोपहर 12 बजे पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के बाहर खुद पर पैट्रोल छिड़क कर आत्मदाह कर लेंगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी शहरी पुलिस पर होगी।
वहीं डीसीपी भट्टी ने कहा कि मामले की जांच एसीपी नार्थ बलकार सिंह कर रहे हैं। एसीपी बलकार सिंह ने कहा कि मामला जांच अधीन है। जांच के बाद जो भी बनती कार्रवाई है की जाएगी।