आई कैंप में गरीबों का किया फ्री चेकअप
आर्ट आफ लीविंग की ओर से खेता सिंह बस्ती में लगाए शिविर में बच्चों की आंखों की जांच करते डॉ. अमृत सेठी।
भास्कर न्यूज| बठिंडा
आर्टऑफ लीविंग की ओर से गोद लिए गए खेता सिंह बस्ती में सोलर लाइट वितरण करके यहां रहने वाले लोगों के घरों को रोशन किया गया। रविवार को फ्री मेडिकल चेकअप कैंप लगाया गया और सोलर लाइट वितरण किया गया।
बीते दो साल से गोद ली गई खेता सिंह बस्ती में आर्ट ऑफ लीविंग के संरक्षक श्रीश्री रविशंकर जी को समर्पित एनजीओ एक मुस्कान चेरिटेबल सोसाइटी की ओर से 12वां नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ अमृत सेठी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अजय गुप्ता, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ दीपिका, डॉ आशा गुप्ता एवं जनरल मेडिसिन डॉ अमित तनेजा ने मरीजों की जांच करके उन्हें उचित परामर्श के अलावा जरूरतमंदों को दवाएं भी मुफ्त दीं।
शिविर के दौरान ही खेता सिंह बस्ती में बिना बिजली के गुजारा करने वाले 105 परिवारों को सोलर लाइट्स दी गई जिससे कि उनके घरों में रोशनी की सुविधा मुहैया हो। संस्था के वरिष्ठ सदस्य सतीश ने बताया कि खेता सिंह बस्ती में रहने वाले बीपीएल परिवारों की हरसंभव सहायता करने के साथ-साथ बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हुए शिक्षण सामग्री भी प्रदान की जाती है, इसके अलावा समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाकर इन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं भी दी जाती हैं। शिविर में अनिल, चिरंजीव, दिनेश, ओम, कमल, संजीव भूषण आदि सदस्यों ने सहयोग दिया।