- Hindi News
- घर में घुसकर बाप बेटी पर कातिलाना हमला, पर्चा दर्ज
घर में घुसकर बाप-बेटी पर कातिलाना हमला, पर्चा दर्ज
आधादर्जन अज्ञात लोगों ने मिनी सचिवालय रोड स्थित मोहल्ला भलेरिया वाला निवासी एक व्यक्ति के घर में घुस जानलेवा हमला कर दिया। इसमें बाप-बेटी दोनों गंभीर जख्मी हो गए। थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को नामजद कर आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्यारा सिंह वासी मोहल्ला भलेरिया वाला मिनी सचिवालय रोड बठिंडा ने बताया कि टेंपू चलता है। पांच दिसंबर को टेंपू के चक्कर को लेकर उसका दूसरे टेंपू चालक विजय कुमार के साथ झगड़ा हो गया था। इसके चलते टेंपू चालक विजय कुमार निवासी ऊधम सिंह नगर बठिंडा उसके साथ रंजिश रखने लगा था। छह दिसंबर की रात को वह अपने घर में खाना खा रहा था। इस दौरान आरोपी विजय कुमार चार-पांच अज्ञात लोगों को साथ लेकर उसके घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। प्यारा सिंह ने बताया कि जब उसकी बेटी उसका बचाव करने आई तो उसके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान आरोपी विजय कुमार ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी विजय कुमार समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।