शहीद नंद सिंह की शहादत को किया नमन
शहीदनायब सूबेदार नंद सिंह की बरसी शुक्रवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। बठिंडा शहर में स्थापित शहीद नंद सिंह की प्रतिमा पर पूर्व सैन्य अधिकारियों तथा जवानों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी बहादुरी को नमन किया। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल पूर्व सैनिक विंग के जिला के प्रधान मेजर करनैल सिंह गिद्दड़ विंडी ने कहा कि शहीद नंद सिंह ने मातृभूमि की रक्षा की खातिर शहीदी देकर पंजाबियों तथा भारतीयों का नाम दुनिया में रोशन किया। उन्होंने भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की मांग एक रैंक-एक पैंशन को जल्दी लागू किया जाए। पंजाब सरकार ने भी इस मांग को विधानसभा में प्रस्ताव डालकर पास कर दिया है। इसलिए समस्त पूर्व सैनिकों की तरफ से वे मुख्यमंत्री पंजाब प्रकाश सिंह बादल तथा उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का आभार जताते हैं। कर्नल बिक्रमजीत सिंह महासचिव पूर्व सैनिक विंग शिरोमणि अकाली दल ने भी भारत सरकार से पूर्व सैनिकों की मांगें जल्दी पूरी करने की मांग की। इस अवसर पर मेजर नाजर सिंह मान जिला प्रधान पूर्व सैनिक विंग शिअद मानसा, मेजर प्रीतम सिंह बराड़, कैप्टन रणधीर सिंह धालीवाल, कैप्टन रहबख्श सिंह बराड़, कैप्टन बचित्र सिंह, कैप्टन गुरतेज सिंह, कैप्टन गुरमेल सिंह, सूबेदार बलविंद्र सिंह, सूबेदार मेजर एसएस भुल्लर, रिसालदार मेजर मुखत्यार सिंह, लेफ्टिनेंट केवल सिंह, हवलदार सुखदेव सिंह गिल आदि उपस्थित थे।
भारत सरकार ने मरणोपरांत दिया था महावीर चक्र
मालवाके बहादुर सपूत गांव बहादुरपुर वासी जमादार (नायब सूबेदार) नंद सिंह बर्मा फ्रंट पर 1/11 सिक्ख यूनिट की तरफ से लड़ाई लड़ी थी। उन्हें बहादुरी का सर्वोच्च मेडल विक्टोरिया क्रॉस से बर्तानवी हुकूमत ने नवाजा था। आजाद भारत के कश्मीर क्षेत्र में उड़ी सेक्टर में 1 सिक्ख बटालियन के झंडे के अंतर्गत पांच पाकिस्तानी रेंजरों को अपनी राइफल के संगीन में डालकर 12 दिसंबर 1947 को शहादत का जाम पी लिया जिस पर भारत सरकार ने शहीद नंद सिंह को मरणोपरांत महावीर चक्र से नवाजा।