युवक का गला रेती हुई लाश खेत से बरामद
संगतहलके के गांव फूलो मिट्ठी में अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से एक युवक का गला काटकर कत्ल कर दिया। मंगलवार की सुबह गांव के खेत से खून से लथपथ पड़ी लाश बरामद हुई थी। घटना की सूचना पर पहुंचे डीएसपी देहाती जसपाल सिंह के निर्देश पर थाना संगत पुलिस ने अज्ञात लोगों पर कत्ल का मामला दर्ज किया है। यह कत्ल किसने और क्यों किया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस इसकी तहकीकात में जुटी है।
गांव फूलो मिट्ठी के रहने वाले किसान नछत्तर सिंह मंगलवार सुबह खेतों में पानी लगाने गये थे। जहां देखा कि खेतों में खून से लथपथ एक युवक की लाश पड़ी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव के पंचायत मेंबर और थाना संगत पुलिस को दी। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे थाना संगत प्रभारी महिंदरजीत सिंह ने घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक युवक का गला तेजधार हथियार से काटकर बेरहमी से कत्ल किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे गांव फूलोमिट्ठी के चौकीदार जगसीर सिंह ने मृतक युवक की शिनाख्त गुरविंदर सिंह उर्फ विक्की गांव फूलोमिट्ठी के रहने वाले के तौर पर की है।
गांव निवासियों के अनुसार मृतक लकड़ी का मिस्त्री था और गांव में अकेला रहता था। जिसका पिता चूहड़ सिंह उर्फ सुखदेव सिंह बठिंडा में ड्राइवर का काम करता है, जो करीब 15 सालों से अलग रहता है। मृतक की तीन बहनें है, जो शादीशुदा हैं, करीब तीन साल पहले उसकी मां की मौत हुई थी। मृतक का गांव में किसी के साथ ना तो कोई झगड़ा था और ही किसी से कोई रंजिश थी। ऐसे में उसके कत्ल की वजह किसी के भी समझ में नहीं रही थी।
{घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब किसान अपने खेत में पानी लगाने पहुंचा
{अपने पिता से अलग होकर गांव में अकेले ही रहता था मृतक गुरविंदर सिंह उर्फ विक्की