बठिंडा। बठिंडा पुलिस लाइन में बने कैशियर रूम का ताला टूटने से साफ हो गया है कि जब हाई सिक्योरिटी जोन को चोर आसानी से निशाना बना सकते हैं तो, उनके लिए शहर में कहीं भी चोरी करना मुश्किल नहीं है। वीरवार को जब पुलिस लाइन के कैशियर रूम में चोरी के प्रयास की घटना की जांच करने पुलिस अफसर पहुंचे। तो घटनास्थल पर ही 8 पीसीआर बाइक पार्क किए हुए थे। जबकि 10 पीसीआर फरीदकोट में शुरू होने वाले बाबा फरीद आगमन पर्व के लिए वहां भेजे हुए थे। पुलिस लाइन में पार्क किए पीसीआर बाइक की हालत देखकर पता चलता था कि इन्हें कई दिन से इस्तेमाल ही नहीं किया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी बाइक खराब हालत में हैं। रिपेयरिंग नहीं होने के चलते यहां खड़े हैं। जब पुलिस लाइन के एमटीओ अवतार सिंह से खराब वाहनों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सभी पीसीआर बाइक चल रहे हैं, कोई खराब नहीं है। इससे पता चलता है कि शहर में भी पीसीआर कागजों पर ही पेट्रोलिंग कर रही हैं। जबकि शहर में रोजाना आपराधिक वारदातें हो रही हैं और शहरवासी दहशत के साये में जी रहे हैं। मगर पुलिस के बंदोबस्त नाकाफी साबित हो रही है।
वीआईपी जिला बठिंडा की पुलिस उधारी के पेट्रोल पर चलती है। इन पीसीआर के लिए पेट्रोल भी नहीं जुटता। रोजाना 20 लीटर की एक कैन में पुलिस लाइन के मुलाजिम उधार किसी पंप तेल लेकर आते हैं, फिर उसे पुलिस लाइन में कोल्ड ड्रिंक की बोतल में डेढ़ लीटर प्रति पीसीआर डाला जाता है। जिसमें उनका पूरा दिन निकलता है। जिले के 80 पेट्रोल पंपों का करीब 2 करोड़ रुपये उधार चुकाना बाकी है।
इसके अलावा करीब 70 लाख रुपए खजाना दफ्तर में अटका हुआ है। अभी तक उक्त बिल को पास नहीं किया गया है। ऐसे में पेट्रोल पंपों से मिन्नत कर उधारी में पेट्रोल लिया जा रहा है। खपत की बात करें तो जिले में हर साल 4 करोड़ रुपये के पेट्रोल की खपत है, मगर मिलता मात्र डेढ़ से दो करोड़ ही है। अब आने वाले दिनों में होने वाले
कबड्डी विश्व कप और मार्च 2015 तक के लिए दो करोड़ रुपए की डिमांड सरकार को भेजी गई है।
''मैंने वीरवार को सुबह खुद मौके पर जाकर जायजा लिया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने कैशियर रूम में चोरी का प्रयास किया। मगर यहां पर कैश नहीं रहता। इसलिए नुकसान नहीं हुआ। लेकिन इस घटना को सुरक्षा लिहाज से गंभीरता से लिया गया है। इसकी जांच की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।'' जसवीरसिंह, एसपी, हेडक्वार्टरि।
जांच के बाद जल्द काबू होंगे आरोपी
80 पेट्रोल पंपों का 2 करोड़ बकाया
पुलिस लाइन में कैशियर रूम का ताला टूटने के बाद सुरक्षा बंदोबस्त पर उठे सवाल,
पैट्रोलिंग के लिए आई बाइक खराब, जो ठीक हैं उनके लिए पेट्रोल नहीं
(पुलिस लाइन में खड़ी पीसीआर बाइक की हालत कुछ ऐसी है।)