बठिंडा। उत्तर दक्षिण से रही सर्द हवाओं ने पूरे बठिंडा को ठंड से कंपकंपा दिया है। आसमान पर बादल छाए रहने से भले ही अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री न्यूनतम 11.2 डिग्री रहा। लेकिन सूखी ठंड ने दिन भर लोगों को कंपाए रखा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दो तीन दिन में तापमान में गिरावट हो सकती है और बादल छाए रहने की संभावना नहीं है। रविवार की सुबह कोहरे में लिपटी हुई निकली। इसके चलते 11 बजे हल्की सी धूप निकली। सर्द मौसम और धूप नहीं निकलने के कारण लोग घरों से कम ही संख्या में निकले। सुबह जब लोग घरों ने निकले तो ठंड से बचने के पूरे इंतजाम के साथ ही निकले।
पौह माह की रात की सर्दी भी असहनीय हो गई है। ठंड के कारण जल्दी ही लोग घरों में बंद हो गए और रात दस बजे बंद होने वाले बाजार में भी आठ बजे के बाद ही रौनक खत्म हो गई। हवाओं के रूख बदलते ही मौसम में ठंडक गई है और लोग ठंड से बचने के उपाय ढूंढते नजर आए।
शहर की सड़कें शाम को जल्दी ही सूनी हो गई थीं। वहीं नौ बजे के बाद गली-मोहल्लों में भी सन्नाटा सा पसर गया और हवा में ठंडक बढ़ती गई। दो दिन से शहर को ठंड ने अपने आगोश में ले रखा है।
विजय गोयल ने बताया कि रविवार काे शाम पांच बजे के बाद ही ठंड ज्यादा होनी शुरू हो गई और अंधेरा सा छा गया। शाम को लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। शहर के बस स्टैंड,रेलवे रोड, गोल डिग्गी,100 फीट रोड,पावर हाउस रोड,अजीत रोड,भट्टी रोड सहित सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से राहत के प्रयास किए। जो लोग शाम के समय घर से निकले तो वह गर्म कपड़ों के साथ ठंड से बचने का इंतजाम करते ही निकले। हालांकि सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ कम दिखाई दी।
सहारा ने जलाए अलाव | सहारा जन सेवा ने ठंड से लोगों काे राहत दिलाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए।
डीएवी सहित कई स्कूलों ने किया एलान
ठंडबढ़ने के साथ बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कतें आने लगी हैं। बच्चों को सर्दी के चलते बड़े दिन की छुटिट्यों का इंतजार है। कई स्कूलों द्वारा 25 दिसंबर से छुट्टियां करने का एलान कर दिया है।आरबी डीएवी स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ.सतवंत कौर भुल्लर ने बताया कि उन्होंने 25 दिसंबर से छुट्टियां करने के लिए कह दिया है।
ठंड के कारण लोग घरों में दुबक कर बैठ गए हैं। इसके कारण बाजार में सन्नाटा छाया रहता है और बिजनेस भी ठंडा हो गया है। मां लक्ष्मी प्लाईवुड के मालिक रिशु गोयल ने बताया कि अब लोग मजबूरी में ही घर से बाहर निकल रहे हैं और बाजार में मंदा चल रहा है। अकेले गारमेंट्स की दुकानों पर ही ग्राहक देखा जा सकता है। मूंगफली बेचने वालों ने बताया कि ठंड बढ़ने से ग्राहक बढ़ गए हैं।
''मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 24 घंटों में हल्की बूंदा बांदी और ओस भी हो सकती है। तापमान में और गिरावट आई सकती है और बादल भी छाये रहने की संभावना है।''- डॉ.राजकुमार, मौसम विशेषज्ञ,क्षेत्रीय खोज केंद्र ।
सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों को हुई। शीतलहर के कारण कंपकंपी छुटती रही। लोग गर्म कपड़ों में पैक दिखे। रविवार को आसमान में बादल छाए रहने के कारण ठंड बढ़ गई। इस कारण दिन भर लोग जहां घरों में बैठे रहे, वहीं बाहर निकलने वाले लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
इधर, गज्जक, मूंगफली और काजू-बादाम की डिमाड बढ़ी
ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों के खाने का जायका और बाजार का मिजाज बदलने लगा है। पहले जहां लोग शीतल पेय, आइसक्रीम जूस आदि से गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते थे।
वहीं अब चाय की चुस्की के साथ गज्जक मूंगफली आदि से सर्दी भगाने की कोशिश की जा रही है। अब जूस के स्थान पर जगह-जगह मूंगफली गजक की रेहडिय़ा लगी नजर आती है। वहीं सूखे मेवे काजू, बादाम महंगे हो जाने के कारण केवल अमीरों की पहुंच तक सीमित हो गए हैं। अमीर-गरीब हर वर्ग की पसंद होने के कारण है कि देर रात तक गज्जक मूंगफली से भरे ठेले शहर की सड़कों पर लगे रहते हैं।
गज्जक, मूंगफली रेवड़ी के रेट
गज्जकप्लेन -100 से 120 रुपए प्रति किलो
गज्जक रोल -125 रुपए प्रति किलो
गज्जक तिल -130 रुपए प्रति किलो
गज्जक मूंगफली-100 रुपए किलो
मूंगफली खुदरा-70 से 90 रुपए प्रति किलो
मूंगफली दाना-120 से 150 रुपए प्रति किलो
रेवड़ी-120 से 180 रुपए प्रति किलो
खजूर-100 से 120 रुपए प्रति किलो
गुणकारी है मूंगफली : चिकित्सकों की बात पर यकीन करें, तो मूंगफली गुणों का भंडार है। इसे गरीबों का बादाम कहा जाता है। इसके दानों में वैसे ही पौष्टिक तत्व होते है, जैसे बादाम में। मूंगफली ठंड प्रतिरोधी होत है। मूंगफली में फैट की अधिकता रहती है जो कि इस मौसम में शरीर की त्वचा को रूखा नहीं होने देता। मूंगफली में विटामिन बी-3 की मात्रा पाई जाती है। इसका सबसे बड़ा गुण सस्ता सुलभ होना है। वहीं मूंगफली से बने कई तरह के गज्जक भी शहरों, कस्बों में उपलब्ध हैं। लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए गज्जक व्यापारियों ने इस बार कई प्रकार के गज्जक तैयार करवाए हैं।