- Hindi News
- डॉक्टर धीरज की कार को इनोवा ने मारी टक्कर, सेफ
डॉक्टर धीरज की कार को इनोवा ने मारी टक्कर, सेफ
भास्कर अपडेट
रात 11 बजे
शहर के भागू रोड पर गली नंबर 10 के पास शनिवार रात करीब 10.30 बजे सिविल अस्पताल के आर्थो डॉक्टर धीरज गुप्ता की कार को इनोवा ने टक्कर मार दी। उनकी कार बेकाबू होकर दुकानों में जा घुसी। कार में उनका बेटा भी साथ था।
इस हादसे में उन्हें को मामूली चोटें लगी, वहीं उनका बेटा बाल-बाल बच गया। डॉक्टर धीरज ने आरोप लगाया कि कार को टक्कर एक बड़े शिअद नेता के रिश्तेदारों ने जानबूझकर मारी। उनका आरोप है कि इससे पहले जब वे फाैजी चौक पर कार में घर की तरफ लौट रहे थे तो वहां भी इनोवा वालों ने कार को टक्कर मारी थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो खुद को अकाली नेता का रिश्तेदार बताने वाले आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की मगर बेटा साथ में होने के कारण वे वहां से निकल गए। लेकिन इनोवा सवारों ने फोन कर अपने कुछ साथी बुलाए और उनकी कार का पीछा करते रहे। जैसे ही डॉक्टर मॉडल टाउन स्थित अपने घर जाने के लिए भागू रोड पर पहुंचे तो पीछे से आए इनोवा सवारों ने कार काे हिट कर दिया। इस कारण उनकी कार दुकानों में जा घुसी। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से डैमेज हो गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में सिविल लाइन एएसआई पर्वत सिंह मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
हादसे में कार का अगला िहस्सा डैमेज हो गया। गनीमत रही कि उनकी और बेटे की जान बच गई।
डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि जब वे अपने बेटे के साथ घर लौट रहे थे तो उनकी गाड़ी को पीछे से हिट किया गया। फोटो एसएस सोनू