बठिंडा | बठिंडा केंद्रीय जेल में एक कैदी ने जेल पुलिस और चार नंबरदारों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना रविवार रात की है। सोमवार को जेल पुलिस ने कैदी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं जेल प्रबंधन ने इस मारपीट की घटना को सिरे से नकार दिया है।
सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कैदी बलराज सिंह वासी बहमन दीवाना ने बताया कि वह आईपीसी की धारा 302 के तहत सजा काट रहा है। रविवार रात उसे बैरेक से कुछ पुलिस कर्मियों ने उसे यह कह कर बाहर निकाला कि उसके पास 10 हजार रुपए है वे रुपए उन्हें वे दे दे।
कैदी ने बताया कि पुलिस वालों के साथ चार नंबरदार भी थे। कैदी का आरोप है कि पुलिस कर्मचारी पीटते-पीटते उसकी छाती पर चढ़ गए। साथ ही तेजधार हथियार से उसके शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। जब वह घायल हो गया तो पुलिस वालों ने उसे छोड़ दिया।
एचसी मनजीत सिंह ने कैदी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉ.उमेश गुप्ता ने बताया कि कैदी के शरीर पर कुछ निशान हैं। कैदी को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे एचसी गुरदीप सिंह ने बताया कि कैदी के साथ किसी ने मारपीट नहीं की है वह झूठ बोल रहा है।
सिविल अस्पताल में कैदी बलराज सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारियों ने उसे बेरहमी से पीटा।