बीएसएनएल पेंशन अदालत 16 को
बठिंडा| टेलीकॉमरिटायर्ड इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बुधवार को अमरीक सिंह रोड पर स्नेहलता चैरिटेबल ट्रस्ट में हुई। बैठक में बीएसएनएल डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रधान हरदेव सिंह सेवक ने कहा कि केंद्र सरकार ने मासिक मेडिकल भत्ता 300 से 500 रुपए कर दिया, लेकिन महंगाई के इस दौर में यह राशि बेहद कम है जबकि दवाओं की कीमत डॉक्टरों की फीस बेहद बढ़ चुकी हैं। उन्होंने मेडिकल भत्ता 1000 रुपए महीना करने की मांग उठाई। बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का 9.4 डीए अभी भी विभाग ने पास नहीं किया। इस पर अभी भी संशय बना है, जबकि ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को डीए मिल रहा है। इस भेदभाव से पेंशनर निराश हैं। केंद्र का महंगाई भत्ता 107 प्रतिशत हो गया है पर केंद्र सरकार 50 प्रतिशत डीए वास्तविक पेंशन में शामिल नहीं कर रही। जनरल सेक्रेटरी बलवीर सिंह चाहल ने बताया कि 16 दिसंबर को बीएसएनएल दफ्तर में पेंशन अदालत लगाई जा रही है, जिसमें पेंशनर अपने केस की अपील पेंशन अदालत में कर सकेंगे। अदालत में एसोसिएशन के पंजाब सर्कल के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विभागों के अधीन आते बीएसएनएल, डीओटी, रेलवे, आरएमएस, पोस्ट आफिस एवं इनकम टैक्स आदि के पेंशनर 17 दिसंबर को गोल डिग्गी के समीप स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी हॉल में पेंशनर दिवस मनाएंगे। बैठक में बसंत सिंह, पीएस संधू, प्रभजीत कौर, दर्शन सिंह मेघ नाथ गोयल आदि ने भी अपने विचार रखे।