- Hindi News
- किसानी मांगों को लेकर डीसी को सौंपा मांग पत्र
किसानी मांगों को लेकर डीसी को सौंपा मांग पत्र
भारतीयकिसान यूनियन (डकौंदा) के आह्वान पर पंजाब के सभी जिलों में किसानों की मांगों को लेकर डीसी को ज्ञापन सौंपे जाने की कड़ी के तहत वीरवार को डिप्टी कमिश्नर बठिंडा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से सरकार प्रशासन से किसानों की ज्वलंत समस्याओं मांगों पर गौर करने का अनुरोध किया गया। बीकेयू डकौंदा के राज्य प्रधान बूटा सिंह बुर्ज गिल ने बताया कि प्रशासन द्वारा उचित इंतजाम नहीं किए जाने के कारण लावारिस पशु किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते रहते हैं। इन पशुओं के कारण रोजाना एक्सीडेंट होते हैं तथा कीमती जानें भी जा रही हैं। इसलिए इन पशुओं का स्थायी हल निकाला जाए। यूरिया खाद की पंजाब में नकली कमी पैदा करके को-ऑपरेटिव सोसाइटियों द्वारा यूरिया खाद नहीं भेजी जा रही। जबकि प्राईवेट डीलरों के पास अधिक स्टॉक पड़ा है, जो कि यूरिया के साथ-साथ अन्य कई बिना जरूरत की वस्तुएं किसानों को देकर उनकी लूट कर रहे हैं। पंजाब सरकार 50 रुपए प्रति दिहाड़ी जल टैक्स का नया बोझ किसानों पर डालकर मुफ्त नहरी पानी से मुकर रही है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों पर लगाया गया जल टैक्स वापस लिया जाए, पंजाब सरकार द्वारा डीजल पर लगाया गया 1.5 प्रतिशत वैट वापस लेकर डीजल पर सब्सिडी दी जाए। इस प्रतिनिधिमंडल में संगठन के उपप्रधान नाहर सिंह भाई रूपा, जिला प्रधान बलदेव सिंह भाई रूपा, जिला जनरल सचिव सुखविंद्र सिंह फुल्लेवाला जिला सीनियर उप प्रधान, राजमहिन्द्र सिंह कोटभारा, फूल ब्लॉक के प्रधान सवरन सिंह भाई रूपा, फूल ब्लॉक के प्रेस सचिव सुखमंदर सिंह ढपाली, संता सिंह, बाबू सिंह मलकाना, नछत्तर सिंह कोटभारा तथा भारी गिनती में वर्कर उपस्थित थे। जिला उप प्रधान जगजीत सिंह भुच्चो खुर्द ने कहा कि उपरोक्त मांगों की तरफ तुरंत ध्यान नहीं दिया गया, तो संघर्ष किया जाएगा।