- Hindi News
- लैब टेक्निशियन के मामले की जांच सिविल सर्जन को
लैब टेक्निशियन के मामले की जांच सिविल सर्जन को
बठिंडा|पंजाब स्टेटब्लड ट्रांसफ्यूजन कौंसिल के ज्वाइंट डायरेक्टर ने सिविल सर्जन बठिंडा को साथी वेलफेयर सोसायटी द्वारा की गई शिकायत की शीघ्र जांच कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश जारी किए हैं। संस्था ने अपनी शिकायत में सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियनों पर ड्यूटी के समय लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। साथी वेलफेयर सोसायटी के सचिव रविकांत अरोड़ा ने बताया कि 27 अगस्त को एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती मरीज के लिए वे संस्था के चार रक्तदानियों को साथ लेकर सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचे। उस समय ब्लड बैंक में ड्यूटी पर तैनात लैब टेक्नीशियन रक्तदानियों का रक्त लेने की बजाय अपने काम में ही व्यस्त रहा। कई बार निवेदन करने के बावजूद भी उक्त लैब टेक्नीशियन ने रक्तदानियों का रक्त नहीं लिया। इसके बाद ब्लड बैंक में एक अन्य लैब टेक्नीशियन पहुंचा। उससे भी रक्तदानियों द्वारा जल्दी रक्त लेने का निवेदन किया गया, लेकिन करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद रक्तदानियों का रक्त लिया गया। जिस कारण उक्त रक्त रात करीब 12 बजे मरीज के परिवार वालों को दिया जा सका। लेकिन रक्त मिलने में देरी होने के चलते मरीज ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि लैब टेक्नीशियन की लापरवाही के कारण ही मरीज की मौत हुई। अगर समय रहते रक्तदानियों का रक्त लेकर मरीज को चढ़ाया जाता, तो मरीज की जान बच सकती थी। इसकी शिकायत साथी वेलफेयर सोसायटी की ओर से पंजाब स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन के पास की गई। कौंसिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन बठिंडा को इस मामले के जांच के आदेश दिए हैं।