वकील बोले-स्लो ड्राइविंग ही सेफ
जिलाबार एसोसिएशन बठिंडा ने भास्कर महाअभियान में साथ देने का एलान किया है। बार के प्रधान नवदीप जीदा ने कहा कि भास्कर द्वारा बहुत ही बढ़िया मुद्दे पर महाअभियान शुरू किया है। हम इसको समर्थन देते हैं और पूरी तरह से इसके साथ हैं। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन में कुल 1600 से ज्यादा मेंबर हैं। सभी सदस्य इस अभियान में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि सभी वकील खुद भी ड्राइविंग करते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और उनके पास आने वाले सभी क्लाइंटों को भी रोड सेफ्टी के प्रति जागरूक करेंगे ताकि एक्सीडेंट दर कम की जा सके और मौत दर भी घटाई जा सके। वहीं बार के सचिव कंवलजीत कुटी ने बताया कि रोड एक्सीडेंट के दौरान मौत हो जाने पर आईपीसी की धारा 304 लगाई जाती है। ये कानून 1833 का बना हुआ है। अंग्रेजों ने ये कानून अपनी सुविधा के लिए बनाया था क्योंकि उस समय गाडिय़ां सिर्फ उनके पास ही होती थी और मरने वाले भारतीय होते थे। अब मरने और मारने वाले दोनों ही भारतीय हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए इस एक्ट में तुरंत संशोधन किया जाना चाहिए।
एडवोकेट प्रवीन कौर ने बताया कि सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में अगर कोई अज्ञात वाहन किसी को मार कर भाग जाए और आरोपी की पहचान हो पाए तो ऐसे केसों में पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये तक मुआवजा दिया जाता है। इसके लिए जिला कानूनी सेवाएं अथार्टी के पास अप्लाई करना होता है। महाअभियान को समर्थन देने वालों में बार के प्रधान नवदीप जीदा सचिव कंवलजीत कुटी के अलावा उप प्रधान लखविंदर सिंह,ज्वाइंट सचिव प्रवीन कौर आदि मौजूद थे।
असर
बार एसोसिएशन के प्रधान नवदीप सिंह जीदा ,सचिव कंवजीत कुटी, उप प्रधान लखविंदर सिंह खोखर ज्वाइंट सचिव प्रवीन कौर ने महाअभियान को समर्थन देने का एलान किया।