बाइक सवारों ने 24 घंटे में की झपटमारी की दो वारदातें
बठिंडा| पुलिसके सुरक्षा दावों के बावजूद शहर में झपटमार गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से बाइक सवार युवकों ने झपटमारी की दो वारदातों को अंजाम दिया। किला रोड पर जहां बाइक सवारों ने एक युवक का पर्स छीन लिया वहीं बिरला मिल कॉलोनी में एक महिला से भी बाइक सवार उसका पर्स छीनकर फरार हो गए।
जोगी नगर निवासी पवन कुमार के मुताबिक वीरवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वो स्थानीय किला मुबारक की बैकसाइड से गुजर रहा था। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार युवकों ने उसे घेर लिया तथा डरा धमकाकर जबरन उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 9800 रुपए का कैश तथा कुछ जरूरी कागजात थे। उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। उधर, सीता रानी निवासी बिरला मिल कालोनी बठिंडा किसी काम से पैदल जा रही थी।
इस दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 5 हजार रुपए कैश, सेमसंग कंपनी का मोबाइल फोन तथा कुछ अन्य जरूरी सामान भी था।