- Hindi News
- ड्राइवर को बंधक बनाकर धान से भरा कैंटर लूटा
ड्राइवर को बंधक बनाकर धान से भरा कैंटर लूटा
मुक्तसररोड पर स्थित गांव बुलाढेवाला के समीप पिकअप सवार अज्ञात लुटेरों ने कैंटर चालक उसके साथी को बंधक बनाकर धान से भरे कैंटर को लूट लिया। उक्त कैंटर राजपुरा से धान लोड कर जलालाबाद जा रहा था। थाना सदर पुलिस ने 7 अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना सदर में दी शिकायत में नाजम सिंह वासी मौड़ कलां ने बताया कि 8 दिसंबर की सुबह वह राजपुरा से अपने कैंटर पर बासमती धान लोड कर अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ जलालाबाद की तरफ जा रहा था। जब वह गांव बुलाढेवाला के नजदीक पहुंचा, तो पीछे से बिना नंबर वाली एक पिकअप ने उसे ओवरटेक करके रोक लिया। उक्त पिकअप पर 7 लुटेरे सवार थे। उक्त लोगों ने रॉड लाठियों से उनके कैंटर के शीशे तोड़ दिए उन दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने प्लास्टिक की रस्सियों से उन दोनों के हाथ बांध दिए। उसके बाद आरोपियों के दो साथी कैंटर में और बाकी पिकअप में बैठ गए। उक्त आरोपी उन्हें वारदात वाली जगह से मुक्तसर रोड पर करीब 22 किलोमीटर दूर ले गए। जहां रास्ते में एक मोटर वाला कमरा में आरोपियों ने उन दोनों को बंद कर दिया और धान से भरा कैंटर लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, लूटे गए धान की कीमत करीब 6.5 लाख रुपए बनती है। मामले के जांच अधिकारी थाना सदर के एएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।