बठिंडा। टेक्नीकल सर्विसेज यूनियन इम्प्लाइज फेडरेशन एटक संगठनों की ओर से अपनी मांगों को लेकर सर्कल दफ्तर के बाहर धरना देने के बाद थर्मल कॉलोनी में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन सदस्यों ने शरीरों पर काले चोले पहनने के अलावा हाथों में तख्तियां झंडे बैनर पकड़ कर ढोल बजाकर प्रदर्शन किया।
टीएसयू सर्कल प्रधान सतविंदर सिंह, एटक के सर्कल प्रधान बलविंदर सिंह, सहायक सचिव गुरमेल सिंह फैडरेशन एटक के सर्कल सचिव दुर्गा दत्त ने कहा कि उनकी मांगों के पूरा होने के कारण अब 11 दिसंबर से 10 जनवरी तक वर्क टू रूल लागू किया जाएगा।
इस मौके पर राज्य सीनियर उप प्रधान मनदीप सिंह, दोनों संगठनों के सर्कल प्रधान, डिवीजनों सब डिवीजनों के प्रधानों के अलावा बीकेयू एकता (उगराहां) के नेता अमरीक सिंह, पैंशनर्स एसोसिएशन के डिवीजन प्रधान सुरिंद्र पाल, बेरोजगार लाइनमैन यूनियन जिला बठिंडा के प्रधान द्वारा समर्थन का संदेश दिया गया।
इस दौरान मांग की गई कि बिजली कर्मचारियों की विक्टीमाइजेशन जल्दी हल की जाए, विभाग के अंतर्गत आती पोस्टों पर रैगुलर भर्ती की जाए, ठेका कर्मचारियों को उनकी योग्यता के अनुसार रैगुलर किया जाए, बेरोजगार लाइनमैनों की भर्ती की जाए, ठेकेदारों कंपनियों द्वारा कर्मचारियों लोगों की लूट बंद की जाए ।
इन मांगों को पूरा करने के अलावा सरप्लस करके नौकरी से निकाले सुविधा केंद्रों, मीटर रीडरों बिल वितरकों को दोबारा काम पर रखा जाए, रिटायरमेंट के समय कर्मचारियों के बनते लाभ उसी समय दिए जाए, यूनिट कंसेशन की सहूलियत दी जाए, 2004 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों को पहली पैंशन यूनिट में रिआयत दी जाए। कर्मचारियों के स्केल बातचीत द्वारा ठीक किए जाएं, सार्वजनिक संगठनों के नेताओं पर झूठे पुलिस केस दर्ज करने बंद किए जाएं, काले कानून वापस लिए जाएं।
- अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए 11 दिसंबर से 10 जनवरी तक वर्क टू रूल पर रहेंगे बिजलीकर्मी ।
(काले चोले पहनकर रोष प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के मुलाजिम।)