- Hindi News
- कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं पूर्व मंत्री सिंगला : पवन मानी
कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं पूर्व मंत्री सिंगला : पवन मानी
बठिंडा|पूर्व वित्तमंत्री सुरिंदर सिंगला की ओर से प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पंजाब कांग्रेस के प्रधान प्रताप सिंह बाजवा को लेकर दिए गए बयान की राज कुमार नंबरदार पवन मानी पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मंत्री सिंगला यह सभी बातें बादल सरकार के दबाव तले कर रहे हैं। उनके पास किसी को भी पद पर लगाने पद से हटाने का अधिकार नहीं है। जब भी कोई चुनाव चाहे वह निगम का हो या विधानसभा का या फिर लोकसभा का नजदीक आता है, तो सिंगला बरसाती मेंढक की तरह बाहर निकलकर अपनी ही पार्टी के वफादार नेताओं के खिलाफ बोलने लग जाते हैं। इससे अकालियों के साथ उनके संबंध जगजाहिर होते हैं। उन्होंने बताया कि सिंगला के बठिंडा आने की खबर किसी भी कांग्रेसी नेता को नहीं दी गई थी। प्रेस कांफ्रेंस का प्रबंध भी गुपचुप तरीके से एक अकाली नेता की ओर से किया गया था, जो पहले कांग्रेस में वित्त मंत्री का दायां हाथ माना जाता था। उन्हाेंने कहा कि अपने आप को कांग्रेस के वफादार सिपाही बताने वाले सिंगला अपने ही पार्टी की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं। लोकसभा चुनावों से पहले उनके खास कांग्रेसी नेताओं का कांग्रेस छोड़ शिअद में शामिल होना इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने हाईकमान से सिंगला को पार्टी से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। मौके पर सुरिंदर गुप्ता, सुरेश ग्रोवर, जसविंदर मंपी, मास्टर नथू राम, प्रकाश चंद गर्ग आदि ने भी सुरिंदर सिंगला के बयान की आलोचना की है।