(गुजराती वेलफेयर सोसायटी की तरफ से आयोजित डांडिया रास महोत्सव पर डांडिया नृत्य पेश करती लड़कियां। फ़ोटो - वारिज़ आहुजा )
बठिंडा। भक्ति-शक्तिऔर संस्कृति का सुमेल डांडिया रास महोत्सव की गूंज में पूरा नगर रात भर झूम रहा है, नवरात्रा के पवित्र दिनों में आदि भवानी मां जगदंबे की अनुकंपा पाने को श्रद्धालु जप-तप के साथ गरबा-डांडिया से रिझाने में जुटे हैं। श्रद्धालुओं अभिलाषाओं पर खरा उतर रहे गुजराती वेलफेयर सोसायटी के डांडिया रास महोत्सव की खनक में माहौल इस कदर भक्तिभाव से भर रहा है कि मानो पंडाल में मां भवानी स्वयं विराजमान हों।
एसएसडी मोतीराम कन्या महाविद्यालय प्रांगण के बीचों-बीच स्थापित मां भवानी के दरबार में पूजा-आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने गुजराती भजनों पर गरबा करके मां के दरबार की परिक्रमा करके अपनी हाजिरी लगाई। इसके बाद शुरू हुआ डांडिया में डीजे पर बज रहे चालो मेला बांगो बिचला डांडिया रंग गीत की गूंज के साथ ही अपने-अपने पार्टनर के साथ प्रतिभागी लोक संस्कृति के पहरावे में सजे पंडाल में मदमस्त होकर नाचे।
सोना लै गरबो अंबे मां चालो धीरे-धीरे की धुनों के साथ ही कदम और ताल का संगम देखते ही बनता था और सुर के तेज होते ही कदमों और तेजी से थिरकने लगे। पसीने से नहाए श्रद्धालुओं ने एक के बाद दूसरे राउंड में भी जमकर डांडिया खेला। दर्शकदीर्घा में बैठे लोगों ने बड़े इत्मीनान और रोमांच से इस आलौ
किक नजारे को देखा जबकि कइयों ने इन अनमोल लम्हों को अपने
मोबाइल कैमरे में कैद भी किया।
समारोह के पांचवें दिन एसएसडी सभा के प्रधान प्रमोद मित्तल मुख्यातिथि रहे। निर्णायक मंडल में शामिल मिलेनियम स्कूल की प्रिंसिपल अंजू धवन एवं अनु मित्तल ने बड़ी गंभीरता से डांडिया खेल रहे प्रतिभागियों के एक-एक स्टेप को देखा और निर्णय सुनाया। इनमें बेस्ट ड्रेस निष्ठा, बेस्ट प्लेयर सागर सैन बेस्ट कप्लस पूजा-विपिन का खिताब जीता।
बच्चों में बेस्ट प्लेयर राज अमरूतिया, बेस्ट ड्रेस कान्हा, बेस्ट कप्लस मोहित-शिवानी रहे। बीती शाम चौथे नवरात्र के डांडिया महोत्सव में एसएसडी मोतीराम कन्या महाविद्यालय के चेयरमैन बाऊराम मित्तल, प्रधान सतपाल विशिष्ट अतिथि रहे जबकि उषा शर्मा नीशु ने जजमेंट की। इनमें बेस्ट ड्रेस में नेहा, बेस्ट प्लेयर में नितिन भाई वहीं किड्स में बेस्ट ड्रेस में प्रियांश, प्लेयर सोनिया जैन बेस्ट कप्लस आशीष-मीनल रहे। अंबे मात की जय के साथ मंच संचालन उमेश शर्मा ने किया जबकि प्रधान चिमन भाई पटेल ने आभार जताया। रविवार रात को भी लोगों ने डांडिया खेलकर आनंद लिया।
बठिंडा में आयोजित गुजराती वेलफेयर के डांडिया रास महोत्सव में बह रही भक्ति रस की बयार।