- Hindi News
- मैरिज पैलेस मालिक सभी शर्तें पूरी करें : बीडीए
मैरिज पैलेस मालिक सभी शर्तें पूरी करें : बीडीए
मैरिजपैलेसों की समीक्षा के लिए मंगलवार को एक बैठक बीडीए के मुख्य प्रशासक वरिंदर कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। मुख्य प्रशासक वरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान बठिंडा, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का सहित पांच जिलों के सील किए गए 14 मैरिज पैलेसों पर विचार किया गया।
सील किए गए 14 मैरिज पैलेसों में 5 पैलेसों ने फिर से अप्लाई किया है। जिनको फिर से सभी शर्तों को पूरा करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई मैरिज पैलेस वालों के सीएलयू बिल्डिंग प्लान मुकम्मल थे। उनको अन्य विभागों से जरूरी मंजूरी लेने के लिए बोला गया। इसके अलावा कई मैरिज पैलेस वालों के पास सिर्फ सीएलयू था। उन्हें पटियाला से बिल्डिंग प्लान लेने के लिए बोला गया है। उन्होंने बताया कि मैरिज पैलेसों का सर्वे भी किया जाएगा। इसके लिए एक टीम बनाई जाएगी। टीम द्वारा बठिंडा शहर के अलावा बाहर के जिलों का भी सर्वे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी मैरिज पैलेस संचालक सरकार द्वारा निर्धारित शर्तों को पूरा करें। अगर कोई मैरिज पैलेस अपनी शर्तों को पूरा नहीं करता, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अन्य विभागों के अधिकारियों को भी इसके लिए गंभीरता दिखाने को कहा। इस बैठक में बीडीए एसीए दलविंदरजीत सिंह, पावरकॉम के एक्सईएन हरदीप सिंह सिद्धू, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नीरज भंडारी के अलावा अन्य जिलों के अफसर भी उपस्थित थे।