- Hindi News
- ट्रेन रोकने के लिए पहुंचे गोभक्त किए गिरफ्तार
ट्रेन रोकने के लिए पहुंचे गोभक्त किए गिरफ्तार
हिंदूक्रांति दल के रेल रोको आंदोलन को पुलिस प्रशासन ने दबाते हुए दर्जनों कार्यकर्ताओं को पटियाला फार्म के मार्ग में ही गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को देर शाम छोड़ा गया। इससे गुस्साए हिंदू क्रांति दल ने प्रशासन की इस कार्रवाई को दमनकारी करार दिया।
प्रशासन की सक्रियता से रेल परिचालन में कोई बाधा नहीं आई, सभी गाड़ियां अपने निर्धारित समय पर आकर रवाना हुई लेकिन रेल रोको चेतावनी की बदौलत सफर में कोई अड़चन आने की घबराहट सवारियों में बनी रही।
सुबह 9 बजे हिंदू क्रांति दल के कार्यकर्ता सिरकी बाजार स्थित गोशाला में एकत्र हुए। बैठक के बाद जिला प्रधान पंकज भारद्वाज के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं का जत्था पटियाला फाटक के लिए रवाना हुआ। इधर पहले से ही मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने उन्हें राउंड अप कर लिया, काफी बहस के बाद भी इन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया गया। इस पर गुस्साए हिंदू क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने गोमाता की जय गोहत्या को रोकने के लिए कानून बनाने की नारेबाजी की। लगभग तीन दर्जन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करके पुलिस ने गाड़ियों में भरा और कनाल चौकी ले गई। वहां दिन भर रखने के बाद शाम 4 बजे इन सभी को रिहा कर दिया गया।
डीएसपी गुरजीत सिंह रोमाणा के नेतृत्व में जहां पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा, वहीं रेल प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए ताकि रेल परिवहन में किसी प्रकार की बाधा हो सके। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के पोस्ट कमांडर राजेश मोयल के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता सुबह 9.30 से दोपहर 1.30 बजे तक पटियाला फाटक एवं इसके इर्द-गिर्द गश्त करते रहे।
हिंदू क्रांति दल के जिला प्रधान पंकज भारद्वाज ने बताया कि गो हत्यारों के खिलाफ उनका आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। ललित पांडे, लक्की कुमार, नरिंदर राजपूत, रिषी तिवारी, जतिंदर कुमार, वेद भूषण, चेतन राजपूत, दिनेश राजपूत एवं विकास भारद्वाज ने अपने संबोधन में सरकार से गोहत्या पर कड़ा कानून बनाने की मांग उठाई।
रेल रोको आंदोलन में भाग लेने वालों को पकड़ कर ले जाती हुई पुलिस।