बठिंडा. भागू रोड को 60 फुट चौड़ा कर रिंग रोड से जोड़ने के लिए पुडा ने शनिवार को हाऊसिंग बोर्ड काॅलोनी में जेसीबी की मदद से 30 अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान लोगों ने विरोध किया मगर सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति हालात को कंट्रोल किए रखा।
कब्जे हटाने के बाद अब पुडा मॉडल टाउन गुरुद्वारा चौक से लेकर रिंग रोड तक 1.2 किलोमीटर हिस्से को 60 फुट चौड़ा कर सड़क बनाएगा, ताकि भविष्य में मानसा रोड से आने वाले ट्रैफिक को 100 फुट रोड में प्रवेश करने की बजाए सीधा भागू रोड से होकर रिंग रोड के जरिए बरनाला रोड पर डायवर्ट किया जा सके। इससे शहर को हैवी ट्रैफिक से निजात मिलेगी।
इस योजना को दो फेज़ में किया जाएगा। पहले फेज में भागू रोड को 60 फुट चौड़ा कर रिंग रोड से जोड़ा जाएगा। दूसरे फेज में रिंग रोड कोे रैना टीसीपी से लेकर बरनाला रोड तक लिंक करने के लिए बीच में आते दो हिस्से जिसका सुप्रीम कोर्ट में केस है को सुलझाकर उसका निर्माण किया जाएगा।
ये रहेगी फेज़ वन वर्किंग
भागूरोड को चौड़ा करने के लिए अवैध कब्जों को हटाया गया है, जबकि दूसरी तरफ सीवरेज बोर्ड से 20 फुट की पट्टी जगह के रूप में ली जाएगी, जिससे भागू रोड को चौड़ा किया जा सके। इसके लिए सीवरेज बोर्ड से पुडा ने जमीन का आदान-प्रदान करने के लिए सहमति कर ली है।
इसके तहत पुडा सीवरेज बोर्ड को वाटर टैंक बनाने के लिए 1 एकड़ जमीन दूसरी तरफ मुहैया करवाए। जबकि सीवरेज बोर्ड पुडा को भागू रोड चौड़ी करने के लिए अपनी वाटर टैंक के लिए प्रस्तावित जगह देगा, जिसमें मौजूदा समय में कुछ पुराने क्वाटर भी बने हैं, जिन्हें सीवरेज बोर्ड गिराएगा।
इस जगह भागू रोड के गुरुद्वारा चौक से लेकर रिंग रोड तक के 1.02 किलोमीटर हिस्से को चौड़ा किया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए पुडा 1 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इससे सड़क के दोनों तरफ 6-6 फुट का फुटपाथ भी बनाया जाएगा, जिसे लोग सुबह सैरगाह के तौर पर इस्तेमाल कर पाएंगे। सड़क के निर्माण के लिए 11 केवी पावर केबल को भी अंडरग्राउंड किया जाएगा।
फेज़टू की वर्किंग
योजनाके दूसरे फेज में रिंग रोड के रैना टीसीपी से लेकर बरनाला रोड तक के हिस्से के बीच आते दो हिस्से, जिनका अदालत में कोर्ट केस लंबित है का फैसला आने के बाद इसका निर्माण किया जाएगा।