लेक्चरर भर्ती के एप्टीट्यूड में 8720 सब्जेक्ट में 1367 ने दिया टेस्ट
नौकरीके इच्छुक अध्यापकों की रविवार को परीक्षा हुई, दो अलग-अलग चरणों में हुई परीक्षा में गुरुजनों ने छह घंटे तक माथापच्ची करके अपनी काबलियत साबित करने का प्रयास किया। शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में पहली बार टीईटी के समान लेक्चररों का विषय संबंधी टेस्ट लिया जा रहा है ताकि भर्ती के लिए आवेदन करने वाले लेक्चररों का अपने विषय संबंधी ज्ञान भी परखा जा सके। सरकार की ओर से 12 से 17 फरवरी तक बठिंडा, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, गुरदासपुर, एसएएस नगर, पटियाला, फरीदकोट, होशियारपुर जिलों में परीक्षा केंद्रों में टेस्ट लिए जा रहे हैं।
बठिंडा में सुबह 9.30 से 12 बजे तक हुए पहली परीक्षा एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए शहर में 24 सेंटर बनाए गए जहां 10,999 प्रतिभागियों में से 8720 ने परीक्षा दी जबकि 2729 अबसेंट रहे। वहीं दूसरे चरण में सब्जेक्ट वाइज परीक्षा में मैथ्स, कॉमर्स, फिजिकल एजुकेशन और बायोलॉजी के लिए 3 सेंटर बने जहां 1612 में से 1367 प्रतिभागियों ने परीक्षा दी जबकि 245 गैर हाजिर रहे। अन्य सब्जेक्ट के लेक्चरर की परीक्षा 17 फरवरी तक अलग-अलग दिनों में निर्धारित शेड्यूल मुताबिक विभिन्न जिलों में होंगी जिनकी लोकेशन प्रतिभागियों को जारी एडमिट कार्ड में दर्ज है। परीक्षा केंद्रों से एग्जाम से निपटकर लौटे अध्यापकों ने टेस्ट पर संतोष जताया और कहा कि अध्यापक की योग्यता परखना सरकार का अच्छा आइडिया है जिससे काबिल प्रतिभागियों को आगे आने का अवसर मिलेगा।
रविवार को बठिंडा में एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए शहर में 24 सेंटर बनाए गए।