कुछ भी करो, दिसंबर में ही पूरा होना चाहिए सीवरेज-पानी प्रोजेक्ट
मैनपावर बढ़ाओ या दिन रात काम करो, कुछ भी करो, दिसंबर 2016 तक सौ फीसदी सीवरेज-पानी प्रोजेक्ट पूरा होना चाहिए। ये डेडलाइन मंगलवार को निगम कमिश्नर ईशा कालिया ने प्रोजेक्ट पर काम कर रही त्रिवेणी कंपनी को दी।
प्रोजेक्ट पर रिव्यू करने को लेकर मंगलवार को निगम दफ्तर में त्रिवेणी, सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। इस दाैरान काम की जांच करने के लिए आप्रेशन एंड मेंटीनेंस सेल का गठन किया गया। उन्होंने चेताया कि कंपनी से कोई समझौता नहीं होगा। बैठक में मेयर बलवंत राय, सीनियर डिप्टी मेयर तरसेम गोयल, डिप्टी मेयर गुरिंदरपाल कौर, ज्वाइंट कमिश्नर कमलकांत, एसई बीड़ी सिंगला, एक्सईएन सतीश वर्मा, एक्सईएन एसडी कांसल, विकास धवन मौजूद थे।
एक काम पूरा करने के बाद करो दूसरा शुरू
कमिश्नरने कंपनी अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि जिस इलाके में पहले से काम चल रहा है, उसे पूरा करने के बाद ही दूसरे इलाके में काम शुरू कर किया जाए। जिन इलाकों में वाटर सप्लाई पाइप डाली जा चुकी है, वहां सीवरेज लाइन डालने और जहां सीवरेज डल चुका है, वहां पर वाटर पाइप डाली जाए।
ओएंडएम सेल गठित, हर रोज रिपोर्ट देने के आदेश
कमिश्नरने ऑप्रेशन एंड मेंटीनेंस सेल(ओएंडएम) का गठन किया। इसका इंचार्ज निगम के एक्सईएन सतीश वर्मा को लगाया गया। उन्होंने वर्मा को आदेश दिए कि काम की मॉनिटरिंग करने के साथ-साथ प्रतिदिन साइट पर जाकर काम का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने प्रतिदिन की रिपोर्ट देने की बात कही।
त्रिवेणी कंपनी से बैठक करते हुए निगम अधिकारी