कमर्शियल दर से टैक्स भरेंगे होटल व्यवसायी
प्रदेशके तमाम होटल कारोबारी बीते साल का प्रॉपर्टी टैक्स अब 4 रुपए स्कवेयर यार्ड की दर से भरेंगे, निर्धारित तारीख निकल चुकी है जिसे एक्सटेंड किया जाएगा और प्रॉपर्टी टैक्स पर देरी से लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज और 10 प्रतिशत पेनल्टी से भी छूट मिलेगी।
यह ऐलान पंजाब होटल रेस्टोरेंट एंड रिजोर्ट एसोसिएशन ने वीरवार को बुलाई एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया। प्रधान सतीश अरोड़ा ने बताया कि लोकल बॉडी डिपार्टमेंट और होटल एसोसिएशन के बीच चल रहा टकराव आखिरकार 9 महीने बाद बीती शाम डिप्टी सीएम के आवास पर हुई बैठक में सुलझा लिया गया। बैठक में लोकल बॉडी मिनिस्टर अनिल जोशी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी विकास प्रताप सिंह, ट्रेड विंग चेयरमैन राजिंदर सिंह मरवाहा, एसोसिएशन के प्रधान सतीश अरोड़ा, सीओ एपीएस चट्ठा, महासचिव अनिल ठाकुर मौजूद रहे। देर शाम तक चली लंबी डिस्कशन में डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह ने होटल इंडस्ट्री को स्पेशल केटेगरी में लाकर 9 गुणा प्रोपर्टी टैक्स डालने का फैसला वापस लेने का आश्वासन दिया। वहीं तमाम होटल की एक केटेगरी बनाकर कमर्शियल रेट 4 रुपए स्कवेयर फीट के हिसाब से प्रोपर्टी टैक्स लगाने की हामी भरी। डिप्टी सीएम के फैसले पर संतोष जताते सतीश अरोड़ा ने कहा कि सभी होटल कारोबारी बीते 2015 का अपना बनता प्रोपर्टी टैक्स 4 रुपए स्कवेयर यार्ड की दर से जल्द ही जमा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि बीते साल लोकल बॉडी डिपार्टमेंट ने होटल इंडस्ट्रीज को एक स्पेशल केटेगरी में डालकर 9 गुणा टैक्स की वृद्धि कर दी थी। इसकी खिलाफत में उतरे पंजाब होटल एसोसिएशन ने फैसला वापस नहीं लेकर मसले का हल निकलने तक टैक्स नहीं भरने का फैसला लिया। सरकार के साथ चली कशमकश के चलते होटल कारोबारियों ने प्रोपर्टी टैक्स नहीं भरा था।
प्रेस काॅन्फ्रेंस में जानकारी देते सतीश अरोड़ा और अन्य होटल कारोबारी।