अखबार की कार्यशैली से रूबरू होकर बच्चे हुए रोमांचित
न्यूज पेपर से जुड़ी अनेक प्रकार की क्वेरीज के लिए सिल्वर ओक्स स्कूल के बच्चों ने बुधवार को दैनिक भास्कर आफिस एवं प्रिंटिंग प्रेस का विजिट किया। इस दौरान वे अखबार की कार्यशैली से रूबरू होकर बेहद रोमांचित हुए और उत्सुकता से अनेक जानकारियां हासिल की।
अपने टीचर्स की अगुवाई में सिल्वर ओक्स स्कूल के 135 बच्चों का ग्रुप दैनिक भास्कर कार्यालय पहुंचा जहां उन्होंने अखबार बनाने की कार्यप्रणाली को समझा। पेजीनेशन, लेआउट के साथ-साथ खबर का स्रोत, खबर की समझ, फोटोग्राफ्स एवं हिंदी में टाइप करके पूरे अखबार की खबरें जुटाने के संसाधनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बच्चों का ग्रुप डबवाली रोड के फोकल प्वाइंट स्थित दैनिक भास्कर प्रिंटिंग प्रेस भी गए जहां मशीन का यूनिट देखकर हैरानी जताई, वहीं कलरफुल अखबार छपने, पेपर रोल में छपने वाली अखबार की संख्या, मशीन की प्रिटिंग स्पीड के साथ-साथ जगह-जगह अखबार पहुंचाने का स्रोत के बारे में भी जानकारी ली और बड़ी तल्लीनता से समझा। इस दौरान बच्चों ने जिज्ञासावश अनेक प्रकार के सवाल पूछे जिनके उत्तर पाकर वे प्रभावित हुए।
सिल्वर ऑक्स स्कूल के बच्चे दैनिक भास्कर के आफिस में जानकारी हासिल करते।