भिंडरावाला के जन्मदिन मनाने के पोस्टर पर आप का घेराव
आमआदमी पार्टी के नाम पर 12 फरवरी को अलगाववादी नेता जरनैल सिंह भिंडरावाला का जन्मदिन मनाने वाला पोस्टर परेशानी का सबब बन गया है। इसमें आप के नेताओं की ओर से पोस्टर जारी करने की बात से किनारा किया जा रहा है लेकिन विपक्ष इसे साजिश का हिस्सा बताकर लगातार हमला कर रहा है।
कांग्रेस के बाद अब भाजपा और शिव सेना भी आप के पोस्टर को लेकर आप का घेराव किया है। शिव सेना पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश बातिश ने आरोप लगाया है कि आप पर पहले भी नक्सली नेताओं के साथ संबंध होने के आरोप लगते रहे हैं। इसमें अब आप नेताओं के फोटो लगे ऐसे पोस्टर सोशल मीडिया में डाले जा रहे हैं जिसमें आतंकवाद के समय में पंजाब का माहौल खराब करने वाले कट्टरपंथियों का जन्मदिन मनाने की बात कही जा रही है। आप पंजाब को फिर से अशांति के दौर में लेकर जाने की साजिश रच रहा है। इससे पंजाब के लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। वही भाजपा के जिला शहरी प्रधान मोहित गुप्ता ने कहा कि आप की ओर से जिस तरह का दुष्प्रचार सोशल मीडिया में किया जा रहा है लोगों को गुमराह किया जा रहा है, उससे सचेत रहने की जरूरत है।
अगर आप को लगता है कि उनकी तरफ से किसी ने गुमराह करने वाले पोस्टर जारी किए है तो वह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। इससे स्पष्ट होता है कि यह सब आप के नेताओं के इशारे पर किया जा रहा है। वही आप के नेता नील गर्ग का कहना है कि विपक्ष मामले को जानबूझकर तूल दे रहा है जबकि सोशल मीडिया पर जो पोस्टर जारी किया गया है वह विपक्ष की साजिश है। हम किसी भी तरह की जांच करवाने के लिए तैयार है।