25 को मौड़ से नांदेड़ को जाएगी स्पेशल ट्रेन
मुख्यमंत्रीतीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत मौड़ से तीर्थयात्रियों के लिए नांदेड़ साहिब विशेष ट्रेन 25 फरवरी को रवाना होगी। पंजाब सरकार की इस यात्रा योजना की तैयारियों का जायजा लेते हुए डीसी डॉ. बसंत गर्ग ने बुधवार को बैठक का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि इस मुफ्त, आरामदेह एवं सुखद धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने, रहने लाने-जे जाने का मुकम्मल खर्च पंजाब सरकार की ओर से किया जाएगा।
डीसी गर्ग ने बताया कि श्री नांदेड़ साहेब जाने वाली ट्रेन में 15 कोच होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए मौड़ रेलवे स्टेशन से हेल्प काउंटर एवं वेलकम काउंटर लगाए जाएंगे। इन काउंटरों पर बैठे कर्मचारी श्रद्धालुओं की हर प्रकार से जरूरत के अनुसार मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा जाने के इच्छुक महिला-पुरुष अपने आवेदन के साथ दो पासपोर्ट फोटो जमा करवाएं। स्पेशल ट्रेन के जरिए कोई भी श्रद्धालु अपना पहचान के सबूत और अधिकृत सेहत संस्था से अपना मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट पेश करके ही धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकता है। यात्रियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट मौड़ एवं रामपुरा में बनाए जा रहे हैं।
डॉ. बसंत गर्ग ने बताया कि तमाम यात्रियों को रेलगाड़ी बर्थ नंबर मौड़ के एसडीएम दफ्तर की ओर से जारी किए जा रहे हैं। तीर्थयात्रा पर जाने वाले को अपने साथ एसडीएम दफ्तर की ओर से जारी ट्रेन कोच नंबर एवं मेडिकल फिटनेस, पासपोर्ट साइज फोटो, सरकार की ओर से जारी असल शिनाख्ती कार्ड, बिस्तर एवं जरूरत के अनुसार कपड़े लेकर आना होगा। इसके साथ ही किसी प्रकार की डॉक्टरी दवा लेने वाले तीर्थयात्री अपने साथ छह दिन की दवा लेकर चलें। रेलगाड़ी किसी भी किस्म का असला लेकर चलने की मनाही है जबकि एक बार अपनी सीट पर बैठने के बाद कोई भी यात्री अपनी सीट छोड़े।
बैठक में एसडीएम मौड़ अनमोल सिंह, जिला ट्रांसपोर्ट अफसर लतीफ मोहम्मद, डीडीपीओ अरूण जिंदल समेत मौड़ के गणमान्य नागरिक एवं विभागीय अफसर मौजूद रहे।
डीसी डॉ. बसंत गर्ग मीटिंग को संबोधित करते हुए।