बैंक मैनेजर समेत 6 लोगों पर पर्चा
बठिंडा| जालीचेक तैयार कर एक महिला के खाते से साढ़े छह लाख रुपए निकालने की काेशिश करने के आरोप में एचडीएफसी बैंक मैनेजर और कैशियर सहित 6 लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह मामला पंचकुला के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के निर्देश पर दर्ज किया है। थाना सिविल लाइन के एसएचओ कर्मजीत सिंह ने बताया कि पंचकुला के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस को लिखित शिकायत देकर पंचकुला की रहने वाली राखी नारंग उर्फ राखी भठेजा ने बताया था कि बठिंडा की बलजीत कौर को उन्होंने 3 लाख रुपए उधार लिए थे। बाद में बलजीत कौर अपने बेटे के साथ उनके घर पैसे लौटाने आए और उनकी चेकबुक के फोटो खींच कर ले गए। इससे उन्होंने जाली चेक बनाकर जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से साढ़े छह लाख रुपए निकलवाने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि बलजीत कौर के साथ बाबा फरीद नगर के रहने वाले हरवीर सिंह, निर्भय सिंह वासी गांव फुल्लो मिट्ठी सुनील कुमार वासी अमरीक सिंह रोड इस साजिश में शामिल थे। महिला का आरोप है कि बैंक मैनेजर कैशियर को जाली चेक की जानकारी थी। बावजूद इसके उन्होंने उसे मामले की जानकारी ही नहीं दी।
एसएचओ कर्मजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआई जरनैल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।